उत्तर प्रदेश : बरसाना में उमड़ा आस्था का सैलाब, धूमधाम से संपन्न हुआ ठाकुर गिरधर लाल और श्रीराधा रानी का ब्याहुला उत्सव

Mathura News : बरसाना में बुधवार को भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब प्रसिद्ध कथावाचक इन्द्रेश उपाध्याय के ठाकुर श्री गिरधर लाल जी का विवाह लाड़ली जी श्रीराधा रानी के साथ अत्यंत धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अलौकिक विवाह उत्सव के साथ ही गिरधर लाल अब ‘श्रीराधा गिरधर लाल’ के रूप में विराजे।
3 किलोमीटर लंबी भव्य बारात ठाकुर जी की बारात का स्वरूप इतना भव्य था कि लगभग 3 किलोमीटर के दायरे में केवल झूमते-गाते बाराती ही नजर आ रहे थे। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजे की धुन पर भक्त ‘राधे-राधे’ के जयघोष के साथ नाचते हुए चल रहे थे। जब बारात दरवाजे पर पहुंची, तो वधू पक्ष द्वारा ठाकुर जी और इन्द्रेश उपाध्याय का तिलक लगाकर भव्य स्वागत किया गया।
विवाह की सभी रस्में पूर्णतः वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुईं। सबसे भावुक पल तब आया जब ठाकुर जी और ठकुरानी जी ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाई। इसके बाद सात फेरों की रस्म शुरू हुई, जिसमें इन्द्रेश उपाध्याय ने अपने लाडले गिरधर लाल को और उनकी पत्नी शिप्रा ने श्रीराधा रानी को गोद में लेकर अग्नि के समक्ष सात फेरे लिए। ठाकुर जी ने लाड़ली जी की मांग में सिंदूर भरा, जिसे देख उपस्थित जनसमूह भाव-विभोर हो उठा।




