राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में मोहर्रम पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

Hapur : आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने कमर कस ली है। इस बार जिले में 42 मजलिसों का आयोजन किया जाएगा और 35 ताजियों के जुलूस परंपरागत मार्गों से निकाले जाएंगे। प्रशासन ने इसके लिए 11 कर्बला स्थल चिन्हित किए हैं। सुरक्षा कारणों से ताजियों की अधिकतम ऊंचाई 10 फीट तय की गई है, ताकि विद्युत लाइनों और ट्रैफिक व्यवस्था में कोई बाधा न आए।

मोहर्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक केजी सिंह ने गुरुवार देर शाम मिश्रित आबादी वाले इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने कोतवाली गेट, घंटाघर और पुराना बाजार क्षेत्र सहित प्रमुख जुलूस मार्गों का दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा इंतजाम, बैरिकेडिंग, स्ट्रीट लाइट और साफ-सफाई की स्थिति देखी। संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और कमियों को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी कविता मीना ने बताया कि मोहर्रम के सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से हों, इसके लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। आयोजकों और उलेमा के साथ बैठक कर उनसे शांति बनाए रखने की अपील की गई है। उन्होंने नागरिकों से भी आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने का आह्वान किया।

एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि संवेदनशील स्थानों और जुलूस मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी से पूरे रूट पर निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखी जा रही है ताकि कोई अफवाह न फैला सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

प्रशासन ने आम लोगों से सहयोग की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है, ताकि मोहर्रम का पर्व शांति और सुरक्षा के साथ संपन्न हो सके।

Related Articles

Back to top button