Noida Accident: सोसाइटी की पार्किंग में तेज रफ्तार कार ने मां-बेटी को रौंदा, महिला गंभीर रूप से घायल

Noida Accident: सोसाइटी की पार्किंग में तेज रफ्तार कार ने मां-बेटी को रौंदा, महिला गंभीर रूप से घायल
नोएडा के सेक्टर-79 स्थित महागुन मिराविला सोसाइटी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। सोसाइटी की बेसमेंट पार्किंग में एक तेज रफ्तार कार ने सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला और उसकी पांच वर्षीय बेटी को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों कार के नीचे फंस गईं और करीब 10 मीटर तक घिसटती चली गईं। घटना के बाद महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-79 स्थित महागुन मिराविला सोसाइटी में रहने वाले अरुण शर्मा अपनी पत्नी कितिका शर्मा और दो बेटियों के साथ रहते हैं। पति-पत्नी दोनों नोएडा की एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। रविवार रात करीब 10:45 बजे परिवार अपनी कार से सामान निकालकर फ्लैट की ओर जा रहा था।
इसी दौरान बेसमेंट-1 पार्किंग के एक मोड़ पर दिल्ली नंबर की होंडा अमेज कार तेज गति से आई और कितिका तथा उनकी छोटी बेटी आयरा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कार के नीचे फंस गईं और लगभग 10 मीटर तक घिसटती चली गईं। हादसे के समय अरुण शर्मा और उनकी बड़ी बेटी भी साथ थे, लेकिन वे बाल-बाल बच गए।
अरुण शर्मा ने बताया कि उन्होंने किसी तरह अपनी बेटी को कार के नीचे से बाहर निकाल लिया, लेकिन उनकी पत्नी कार के नीचे फंसी रहीं। आरोप है कि चालक कुछ समय तक कार में ही बैठा रहा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद चालक कार से बाहर निकला। स्थानीय लोगों की मदद से कार को उठाकर करीब चार मिनट बाद कितिका को बाहर निकाला गया।
घायल मां-बेटी को तुरंत फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार कितिका शर्मा की पसलियों में तीन जगह फ्रैक्चर हुआ है, सिर और कंधे में गंभीर चोटें आई हैं तथा कॉलर बोन भी टूट गई है। इसके अलावा कार की गर्मी के कारण उनके पेट का हिस्सा झुलस गया। अस्पताल में उनका ऑपरेशन किया गया और उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय निवासियों का कहना है कि पार्किंग क्षेत्र में दो घुमावदार मोड़ हैं, जहां वाहनों की अधिकतम गति 10 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित है। आरोप है कि हादसे के समय कार की गति करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटा थी। लोगों का मानना है कि यदि निर्धारित गति सीमा का पालन किया जाता और मोड़ पर सुरक्षा के लिए कन्वेक्स मिरर लगा होता तो हादसे से बचा जा सकता था।
पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मेडिकल जांच में शराब के सेवन की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





