उत्तर प्रदेशराज्य

UP Board Exam 2026: यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी पूरी, आज जनपद में पहुंचेंगी उत्तरपुस्तिकाएं

UP Board Exam 2026: यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी पूरी, आज जनपद में पहुंचेंगी उत्तरपुस्तिकाएं

नोएडा। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर जनपद में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। बुधवार को जिले में उत्तरपुस्तिकाएं पहुंचेंगी, जिसके बाद शनिवार से इन्हें परीक्षा केंद्रों तक भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की निगरानी में यह पूरा कार्य किया जाएगा। जनपद में बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 60 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इससे पहले हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के प्रश्नपत्र जीजीआईसी सेक्टर-12 में सुरक्षित रूप से पहुंच चुके हैं। अब उत्तरपुस्तिकाओं के आगमन के साथ ही वितरण की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उत्तरपुस्तिकाएं प्राप्त होते ही उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत परीक्षा केंद्रों तक भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि एक से दो दिन के भीतर परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र भी आ जाएंगे। वहीं, प्रायोगिक परीक्षाएं 9 फरवरी तक संचालित की जा रही हैं। यूपी बोर्ड की मुख्य परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलेंगी। इस वर्ष परीक्षा में शामिल होने के लिए जिले से कुल 42,674 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं।
इस बार उत्तरपुस्तिकाओं में कई अहम बदलाव किए गए हैं। सबसे बड़ा बदलाव उत्तरपुस्तिका के आकार को लेकर किया गया है। अब उत्तरपुस्तिकाएं क्षैतिज के बजाय लंबवत आकार में होंगी, ताकि छात्रों को लिखने में सुविधा मिले और वे उसी तरह लिख सकें, जैसे वे पूरे साल अभ्यास करते आए हैं। इससे परीक्षार्थियों को न तो असहजता होगी और न ही लिखने में परेशानी आएगी।
उत्तरपुस्तिकाएं लेते समय केंद्र व्यवस्थापक को विद्यालय का लेटरहेड, केंद्र व्यवस्थापक की मोहर और हस्ताक्षर सहित सभी आवश्यक अभिलेख साथ लाना अनिवार्य होगा। उत्तरपुस्तिकाओं को पूरी तरह सुरक्षित स्थानों पर रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शी और नकल-मुक्त रहे।
इस बार उत्तरपुस्तिकाओं में पहली बार दो कवर पेज भी लगाए गए हैं। इससे पुरानी उत्तरपुस्तिकाओं के दोबारा इस्तेमाल की कोई संभावना नहीं रहेगी। इसे नकल माफिया के खिलाफ एक बड़ा कदम माना जा रहा है। बोर्ड परीक्षा को शांतिपूर्ण, नकल-मुक्त और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए लगातार दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। केंद्र व्यवस्थापक भी अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर अंतिम तैयारियों में जुटे हुए हैं।

Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

Related Articles

Back to top button