अमर सैनी
नोएडा। नोएडा में गलत साइड से ड्राइविंग करना एक शौक बनता जा रहा है।कार, बाइक या कोई भी अन्य वाहन गलत साइड में चलाना एक बड़ा अपराध है। जिससे न केवल चालक और सामने से आ रहे वाहनों में बैठे लोगों की जान खतरे में पड़ती है। इसको लेकर अब नोएडा ट्रैफिक पुलिस सख्त हो गयी है। 1 अक्टूबर को एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बादअकेले बुधवार को ही नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने गलत लेन में वाहन चलाने के आरोप में महज 45 मिनट में 39 वाहन जब्त किए।
ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जब्त किए गए वाहनों में ज्यादातर बाइक थीं। गौतमबुद्ध नगर ट्रैफिक पुलिस ने बुधवार को आंकड़े जारी किए। पिछले साल की तुलना में जनवरी से अगस्त के बीच गलत साइड में वाहन चलाने पर चालान जारी करने में 26.02 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। ट्रैफिक पुलिस अधिकारी ने कहा कि ई-रिक्शा भी काफी बढ़ गए हैं और इनकी वजह से सड़क दुर्घटनाएं भी बढ़ी हैं। ये ई-रिक्शा ज्यादातर स्थानीय लोगों को किराए पर दिए जाते हैं। जब भी हम इनके खिलाफ कोई कार्रवाई करते हैं तो ये हंगामा करते हैं। गौतमबुद्ध नगर सीपी लक्ष्मी सिंह ने बताया कि शुरुआत में नोएडा में ज्यादातर हादसे तब होते थे, जब चालक खड़े वाहन से टकराते थे, लेकिन अब ऐसे मामलों में कमी आई है। लोग शॉर्टकट अपनाते हैं गलत साइड पर गाड़ी चलाने पर केस दर्ज होने पर सिंह ने कहा कि लोग पेट्रोल बचाने के लिए शॉर्टकट अपनाते हैं। लेकिन जब कोई गलत साइड पर गाड़ी चलाता है तो उसकी स्पीड एक जैसी नहीं रहती और दुर्घटना की संभावना काफी बढ़ जाती है।


