Swimming Pool Death: नोएडा के फार्महाउस में स्विमिंग पूल में डूबने से युवक की मौत, हार्ट अटैक की आशंका

Swimming Pool Death: नोएडा के फार्महाउस में स्विमिंग पूल में डूबने से युवक की मौत, हार्ट अटैक की आशंका
नोएडा के थाना एक्सप्रेसवे क्षेत्र स्थित सेक्टर-135 के एक फार्महाउस में स्विमिंग पूल में नहाने के दौरान 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मणिपुर निवासी लकी सनवऊ डामया के रूप में हुई है, जो नोएडा की एक निजी कंपनी में कार्यरत था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने स्विमिंग के दौरान हार्ट अटैक आने की आशंका जताई है। हालांकि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस के अनुसार घटना सेक्टर-135 स्थित एक फार्महाउस में हुई, जहां लकी सनवऊ डामया स्विमिंग पूल में नहा रहा था। इसी दौरान वह अचानक पानी में डूब गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर थाना एक्सप्रेसवे पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को बाहर निकलवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी अमित खारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि स्विमिंग के दौरान युवक को हार्ट अटैक आया होगा, जिसके कारण वह पानी में डूब गया। हालांकि फिलहाल इसे केवल प्रारंभिक आशंका माना जा रहा है और मौत के सही कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही होगी।
पुलिस घटना के समय फार्महाउस में मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना के समय वहां सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं मौजूद थीं या नहीं। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।





