रुपयों से भरा बैग चोरी करने वाले गिरोह के एक सदस्य गिरफ्तार

अमर सैनी

नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित एक बैंक्वेट हॉल के मैनेजर का रुपयों से भरा बैग चोरी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरोह बच्चों के जरिए बैंक्वेट हॉल में आयोजित शादी समारोहों से बैग चोरी करवाता था। पुलिस ने बैग चोरी करने वाले एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से बीस हजार रुपये बरामद किए हैं।

ईकोटेक 3 थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि 12 जुलाई को ग्रेनो वेस्ट स्थित गोल्डन ड्रीम बैंक्वेट हॉल के ऑफिस से मैनेजर का रुपयों से भरा बैग चोरी हो गया था। बैग में पचास हजार रुपये और कुछ जरूरी दस्तावेज रखे थे। इस संबंध में बैंक्वेट हॉल मैनेजर रमन ठाकुर ने थाने में तहरीर दी थी। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने बैग चोरी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान मध्य प्रदेश के राजगढ़ निवासी नितेश सिसोदिया के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की रकम में से बीस हजार रुपये बरामद किए हैं, बाकी रकम आरोपी ने खर्च कर दी थी। पुलिस ने बैग चोरी करने वाले नाबालिग को भी हिरासत में लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी नितेश ने बताया कि वह गरीब परिवार के लोगों से संपर्क करता है। उन्हें पैसों का लालच देकर उनके बच्चों को बैंक्वेट हॉल में भेजकर दूल्हा-दुल्हन के परिजनों के बैग चोरी करवाता है। वह बच्चों को अच्छे कपड़े पहनाकर भेजता है, ताकि किसी को उन पर शक न हो। इसके बाद ये बच्चे मौका पाकर नोटों और जेवरात से भरे बैग चोरी कर गिरोह के सदस्यों तक पहुंच जाते हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी नितेश के खिलाफ मध्य प्रदेश, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में छह मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के सरगना और अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img