ऑटो चालक ने सवारी युवती से छेड़छाड़ की

अमर सैनी

नोएडा। चालक ने सीएनजी भरवाने के बहाने सुनसान स्थान पर ऑटो ले जाकर सवारी युवती से छेड़छाड़ की। पीड़िता ने शोर मचाया तो आरोपी ने उसको ऑटो से धक्का देकर नीचे गिरा दिया और भाग गया। पीड़िता के छोटे भाई की शिकायत पर थाना फेज-2 पुलिस ने पांच दिन बाद मुकदमा दर्ज किया है। भंगेल निवासी युवक ने दर्ज कराई एफआईआर में बताया कि वह और उसकी बड़ी बहन किराये पर रहते हैं। उसकी बहन 16 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे सूरजपुर से ऑटो में बैठकर भंगेल आ रही थी। रास्ते में अन्य सवारियां उतर गईं और युवती अकेली रह गई। चालक सीएनजी भरवाने के बहाने ऑटो को सेक्टर-88 में सुनसान स्थान पर ले गया। यहां उसने उसकी बहन के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। आरोपी की हरकत को देख युवती सहम गई। उसने चिल्लाना शुरू कर दिया। युवती को शोर मचाता देख वहां से गुजर रहे लोग भागकर उसकी मदद के लिए पहुंचने लगे। इसी बीच आरोपी ने युवती को ऑटो से धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और ऑटो लेकर भाग गया। पीड़िता ने बताया कि वह किसी से फोन पर बात करते समय अपना नाम कुलदीप बता रहा था। इसके अलावा पीड़िता ने ऑटो का नंबर भी नोट कर लिया। पीड़िता ने इसकी सूचना भाई और पुलिस को दी। थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि युवती के भाई की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार घटना का खुलासा किया जाएगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img