Noida violence updat: RJD की 2 महिला प्रवक्ताओं पर FIR, 396 गिरफ्तार, हालात सामान्य

Noida violence updat: RJD की 2 महिला प्रवक्ताओं पर FIR, 396 गिरफ्तार, हालात सामान्य
Noida में पिछले दो दिनों तक चले हिंसक प्रदर्शन के बाद अब हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं। बुधवार को अधिकांश फैक्ट्रियां खुल गईं, हालांकि कुछ कंपनियों ने एहतियातन छुट्टी घोषित कर दी है। पूरे औद्योगिक क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और CCTV व ड्रोन के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है।
पुलिस ने सेक्टर-63, 80, 84, 85 और फेज-2 जैसे संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च कर स्थिति को नियंत्रण में बनाए रखा है। सुरक्षा के मद्देनजर RAF और PAC की कुल 16 कंपनियां तैनात की गई हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
इस बीच मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है, जहां नोएडा साइबर क्राइम थाने में RJD की दो महिला प्रवक्ताओं कंचना यादव और प्रियंका भारती के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि दोनों ने सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो साझा कर माहौल खराब करने और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश की।
प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने साफ कहा है कि यदि कोई आउटसोर्सिंग एजेंसी या उसका कर्मचारी हिंसा या उपद्रव में शामिल पाया जाता है, तो संबंधित एजेंसी को ब्लैकलिस्ट किया जा सकता है और उसका लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।
गौरतलब है कि वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर सोमवार और मंगलवार को फैक्ट्री कर्मचारियों का प्रदर्शन हिंसक हो गया था। इस दौरान 80 से अधिक स्थानों पर पथराव की घटनाएं सामने आईं और करीब 350 कंपनियों में तोड़फोड़ की गई। हिंसा के पीछे साजिश की आशंका भी जताई जा रही है।
मंत्री Anil Rajbhar ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम में बड़ी साजिश की बू आ रही है और इसमें देश विरोधी ताकतों की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता। वहीं, उद्योगपतियों का कहना है कि बाहरी तत्वों ने माहौल को भड़काया, जबकि असली मजदूर इस तरह की हिंसा में शामिल नहीं हो सकते।
पुलिस ने अब तक 7 थानों में करीब 1800 लोगों और 4 कथित हैंडलर्स के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए हैं। कार्रवाई के तहत 4 महिलाओं सहित कुल 396 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और अन्य संदिग्धों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
प्रशासन का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है ताकि दोबारा किसी तरह की हिंसा न भड़के।
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे





