आप ने नोएडा प्राधिकरण सीईओ से की मुलाकात

अमर सैनी

नोएडा। आम आदमी पार्टी ने शहर की समस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष राकेश अवाना के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लोकेश एम से मुलाकात की। इस बैठक में आप ने नोएडा की कई प्रमुख समस्याओं पर ध्यान खींचा। पार्टी ने एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा, जिसमें शहर के विकास और नागरिकों की सुविधा से जुड़े कई मुद्दे शामिल रहे।

जिलाध्यक्ष राकेश अवाना ने बताया कि पार्टी की प्रमुख मांगों में बरात घरों की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था, मेट्रो स्टेशनों का स्थानीय नामकरण, सड़कों की मरम्मत, प्रदूषण नियंत्रण के लिए स्मॉग टावर का निर्माण और सीवर लाइनों की नियमित सफाई शामिल हैं। इसके अलावा भंगेल मार्केट एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट को जल्द पूरा करने, ग्रामीण क्षेत्रों में वीडीएस योजना को फिर से शुरू करने और शहर में सिटी बस सेवा शुरू करने की मांग भी रखी गई। जिला महासचिव कैलाश शर्मा ने बताया कि महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए, पार्टी ने नोएडा मेट्रो में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का प्रस्ताव भी रखा। साथ ही, सभी सेक्टरों और गांवों में बड़े तिरंगे झंडे लगाने और मोहल्ला क्लीनिक खोलने की मांग भी की गई। नोएडा प्राधिकरण के सीईओ लोकेश एम ने इन सभी मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया। इस दौरान जिला संगठन मंत्री प्रशांत रावत, जिला उपाध्यक्ष मनोज यादव और मुन्ना गुप्ता, जिला सचिव जयकिशन जयसवाल और अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img