Noida Police Mission Sahyog: पुलिस ने खोए हुए 111 मोबाइल तलाशकर पीड़ितों को लौटाए, होली से पहले चेहरे पर लौटी मुस्कान

Noida Police Mission Sahyog: पुलिस ने खोए हुए 111 मोबाइल तलाशकर पीड़ितों को लौटाए, होली से पहले चेहरे पर लौटी मुस्कान
नोएडा। होली से पहले कोतवाली फेज दो पुलिस ने सराहनीय पहल करते हुए गुम हुए 111 मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके असली मालिकों को सौंप दिया। मोबाइल वापस पाकर पीड़ितों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। ‘मिशन सहयोग’ के तहत की गई इस कार्रवाई से लोगों का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हुआ है।
सेंट्रल नोएडा जोन के डीसीपी Shakti Mohan Avasthi ने बताया कि पिछले कुछ समय से गुमशुदा मोबाइल फोन की शिकायतों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा था। भीड़भाड़ वाले बाजारों, ऑटो, बसों, मेट्रो और सार्वजनिक स्थलों से मोबाइल गुम होने की सूचनाओं को एकत्र कर उनकी सूची तैयार की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने सर्विलांस और तकनीकी माध्यमों की मदद से मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रैक करनी शुरू की।
जांच के दौरान जिन लोगों के पास ये मोबाइल सक्रिय पाए गए, उनसे संपर्क कर उन्हें जानकारी दी गई कि वे किसी अन्य व्यक्ति का फोन उपयोग कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 111 मोबाइल फोन बरामद कर लिए। अधिकारियों के मुताबिक, कई मोबाइल ऐसे लोगों के पास मिले जिन्हें रास्ते में फोन मिला था और बाद में उसे सस्ते दामों पर बेच दिया गया था।
डीसीपी ने बताया कि इससे पहले भी जुलाई माह में 100 और उससे पहले 57 मोबाइल फोन एक साथ बरामद कर पीड़ितों को सौंपे गए थे। इस बार भी फेज दो पुलिस टीम ने बेहतर समन्वय और तकनीकी दक्षता के साथ अभियान को सफल बनाया।
बरामद मोबाइल में बड़ी संख्या ऐसे लोगों की थी जिन्होंने फोन ईएमआई पर खरीदा था। मोबाइल गुम होने के बाद वे न तो उसका उपयोग कर पा रहे थे और न ही ईएमआई की किस्तें रुक रही थीं। ऐसे लोगों के लिए मोबाइल मिलना दोहरी खुशी जैसा रहा। कई पीड़ितों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका फोन दोबारा मिल पाएगा।
पुलिस के अनुसार, अधिकांश मोबाइल भीड़भाड़ वाले बाजारों, सब्जी-फल मंडियों और साप्ताहिक बाजारों में खरीदारी के दौरान गिर गए थे। कुछ फोन यात्रा के दौरान ऑटो, टैक्सी, बस और मेट्रो में छूट गए थे, जबकि कई मामलों में बाइक चलाते समय स्पीड ब्रेकर पर झटका लगने से मोबाइल जेब से गिर गए।
मोबाइल पाने वाली एक महिला ने बताया कि बीते साल गेझा बाजार में खरीदारी के दौरान उनका फोन गुम हो गया था। शादी के बाद उनके पति ने वह मोबाइल दिलाया था, जिससे उनका भावनात्मक लगाव भी जुड़ा था। फोन वापस मिलने पर उन्होंने पुलिस का आभार जताया।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ





