Mobile Theft Noida मामूरा की दुकान से 30 मोबाइल और लैपटॉप चोरी, सीसीटीवी में कैद वारदात

Mobile Theft Noida मामूरा की दुकान से 30 मोबाइल और लैपटॉप चोरी, सीसीटीवी में कैद वारदात
नोएडा के मामूरा गांव में चोरों ने एक मोबाइल दुकान को निशाना बनाते हुए 30 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप चोरी कर लिया। घटना उस समय हुई जब दुकान संचालक रात में दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। मामले की शिकायत फेज-तीन थाने में दर्ज कराई गई है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुट गई है।
पीड़ित चेतन चौहान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मामूरा गांव की गली नंबर छह में परिवार के साथ रहते हैं और गली नंबर पांच में ‘स्मार्ट इलेक्ट्रॉनिक्स’ नाम से मोबाइल की दुकान चलाते हैं। सात फरवरी की रात वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। इसी दौरान चोरों ने दुकान पर धावा बोल दिया और शटर तोड़कर अंदर घुस गए।
चोर दुकान से 21 नए मोबाइल फोन, नौ पुराने मोबाइल और एक लैपटॉप लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। अगले दिन जब चेतन चौहान दुकान पर पहुंचे तो शटर और अंदर का सामान बिखरा हुआ मिला। जांच करने पर मोबाइल और लैपटॉप गायब पाए गए, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। एसीपी उमेश कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्र में भी पूछताछ की जा रही है ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।
स्थानीय व्यापारियों में इस घटना को लेकर चिंता है। उनका कहना है कि क्षेत्र में रात के समय गश्त बढ़ाई जानी चाहिए ताकि इस तरह की वारदातों पर अंकुश लगाया जा सके। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद करने की कोशिश की जाएगी।




