Hanuman Janmotsav Delhi: दिल्ली में मरघट वाले हनुमान मंदिर में भव्य तैयारियां, श्रद्धालुओं के लिए कड़े सुरक्षा इंतज़ाम

Hanuman Janmotsav Delhi: दिल्ली में मरघट वाले हनुमान मंदिर में भव्य तैयारियां, श्रद्धालुओं के लिए कड़े सुरक्षा इंतज़ाम
रिपोर्ट: रवि डालमिया
राजधानी दिल्ली में 2 अप्रैल को मनाए जाने वाले हनुमान जन्मोत्सव को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मरघट वाले हनुमान मंदिर में इस बार आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत वरुण शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस बार प्रशासन और मंदिर समिति का मुख्य उद्देश्य है कि अधिक से अधिक श्रद्धालु कम समय में सुरक्षित और सुगम तरीके से भगवान हनुमान के दर्शन कर सकें। इसके लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं और दिल्ली पुलिस का पूरा सहयोग मिल रहा है।
हनुमान जन्मोत्सव को देखते हुए राजधानी में पहले से ही हाई अलर्ट जारी है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाएगा। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की जाएगी और दर्शन के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था बनाई जाएगी।
इसके अलावा, पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मी और स्वयंसेवक भी तैनात रहेंगे, जो व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में मदद करेंगे। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी प्रकार की अफरा-तफरी या अव्यवस्था न हो और सभी श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें।
आयोजन को और अधिक भव्य बनाने के लिए इस बार विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। महंत वरुण शर्मा ने बताया कि वाराणसी से डमरू वादन की विशेष टीम को बुलाया गया है, जो शोभायात्रा का आकर्षण बनेगी। इसके साथ ही मंदिर परिसर के पीछे स्थित कथा कुंज में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
महंत वरुण शर्मा ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त करें, लेकिन साथ ही प्रशासन द्वारा बनाई गई व्यवस्थाओं का पालन जरूर करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने में श्रद्धालुओं का सहयोग बेहद जरूरी है।
फिलहाल मंदिर प्रशासन और दिल्ली पुलिस आयोजन को सफल और शांतिपूर्ण बनाने के लिए लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं, ताकि हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और अनुशासन के साथ संपन्न हो सके।





