Noida Crime: किराये के विवाद में खाली अस्पताल में आग लगाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

Noida Crime: किराये के विवाद में खाली अस्पताल में आग लगाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
नोएडा। नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस ने किराये के विवाद में खाली पड़े अस्पताल में आग लगाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अनिरुद्ध चौधरी, निवासी हापुड़, को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। इसके बाद उसके चचेरे भाई अंकुश और विनय सिंह को भी गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपियों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
शिकायतकर्ता हरि सिंह, निवासी गुरजा डेरिन गांव, ने बताया कि उन्होंने अपनी चार दुकानों को करीब चार साल पहले अनिरुद्ध चौधरी को अस्पताल संचालन के लिए किराये पर दिया था। आरोपी इन दुकानों में ‘श्री बालाजी हॉस्पिटल’ के नाम से अस्पताल चला रहा था। दुकानों का किराया 44 हजार रुपये प्रतिमाह तय था, जबकि बिजली बिल अलग से देना था।
आरोप है कि बीते एक साल से आरोपी ने न तो किराया दिया और न ही करीब चार वर्षों का बिजली बिल चुकाया, जो लगभग 4.70 लाख रुपये तक पहुंच गया था। नवंबर 2025 से किराये को लेकर विवाद बढ़ गया था, जिसके बाद दुकानों को खाली करा लिया गया।
बताया गया कि 13 जनवरी 2026 को भुगतान के लिए आरोपी ने 4.70 लाख रुपये का चेक दिया और मार्च के बाद जमा करने को कहा। इस दौरान वह अधिकतर सामान और मशीनें वहां से हटा चुका था। तय समय पर भुगतान न होने पर 27 फरवरी को दुकानों का बिजली कनेक्शन काट दिया गया।
इसके बाद 5 मार्च को जब दोबारा किराया मांगा गया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। वहीं 10 मार्च की रात करीब 2:30 बजे दुकानों में अचानक आग लग गई, जिससे मामला गंभीर हो गया।
जांच अधिकारी सुभाष चंद ने बताया कि जांच के दौरान साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने अपने चचेरे भाइयों की मदद से सुनियोजित तरीके से दुकान में आग लगाई थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





