उत्तर प्रदेश : हापुड़ में नाले में पड़ा मिला अज्ञात शव, करंट लगने से मौत होने की आशंका, गर्दन पर जलने के निशान

Hapur News : नगर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब दिल्ली रोड स्थित एसएसवी इंटर कॉलेज की दीवार से सटे सूखे नाले में एक युवक का शव मिला। मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष आंकी गई है। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों ने देखा कि युवक का सिर नाले में लटक रहे विद्युत केबल पर था और गर्दन पर करंट से झुलसने के निशान मौजूद थे। आशंका जताई जा रही है कि युवक नाले में पड़ा हुआ था और केबल के संपर्क में आने से उसे करंट लगा। प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि युवक ने भारी मात्रा में शराब पी रखी थी। नशे की हालत में वह नाले में गिरा और अनजाने में विद्युत केबल के संपर्क में आ गया। इसी दौरान करंट लगने से उसकी मौत हो गई।

क्या है पूरा मामला

दरअसल, शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे नगर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि दिल्ली रोड पर एसएसवी कॉलेज के पास सूखे नाले में एक युवक का शव पड़ा है। प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह तुरंत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पाया गया कि युवक का सिर नाले के पास जमीन पर लटक रहे एक विद्युत केबल पर था। गर्दन के पास करंट से झुलसने के स्पष्ट निशान थे, जो बिजली के झटके से मृत्यु की पुष्टि करते हैं। पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि युवक ने अत्यधिक शराब का सेवन किया था, जिसके कारण नशे में वह केबल पर सिर रखकर लेट गया और करंट लगने से उसकी मौत हो गई।

क्या बोले अफसर

नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। रिपोर्ट से मौत की सही वजह सामने आएगी। पुलिस आसपास के इलाके में पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि युवक की पहचान हो सके।घटना के बाद से इलाके के लोगों में दहशत है। उनका कहना है कि खुले में लटकते बिजली के तार किसी बड़ी दुर्घटना को दावत दे रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा इंतजामों की मांग की है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img