Noida Holi Celebration: सेक्टर और सोसाइटी में हुआ होलिका दहन, बाजारों में रंग-गुलाल की बढ़ी रौनक

Noida Holi Celebration: सेक्टर और सोसाइटी में हुआ होलिका दहन, बाजारों में रंग-गुलाल की बढ़ी रौनक
नोएडा। शहर में होली के पर्व को लेकर उत्साह चरम पर है। शनिवार रात नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई सेक्टरों और हाउसिंग सोसाइटी में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ होलिका दहन किया गया। लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की और एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित Gaur City और Supertech Eco Village समेत इको विलेज वन में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। यहां बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने होली के पारंपरिक और फिल्मी गीतों पर जमकर नृत्य किया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे लोगों ने सामूहिक रूप से होलिका दहन में भाग लिया और गेहूं, जौ व चना अग्नि में अर्पित कर परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की।
ग्रेटर नोएडा के अल्फा, गामा, बीटा, डेल्टा, ईटा, पी-3, पी-4, चाई फाई और जीटा सेक्टरों के साथ-साथ अन्य सोसाइटी में भी रात के समय सामूहिक रूप से होलिका दहन किया गया। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कई स्थानों पर स्वयंसेवकों और आरडब्ल्यूए सदस्यों ने व्यवस्थाएं संभालीं, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
होली के त्योहार को लेकर बाजारों में भी जबरदस्त रौनक देखने को मिली। सोमवार को रंग, गुलाल, पिचकारी और होली से जुड़े सामान की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। जगतफार्म, रामपुर, बिलासपुर, दादरी, जेवर, रबूपुरा, श्यामनगर मंडी और तुगलपुर समेत आसपास के बाजारों में ग्राहकों की चहल-पहल बढ़ी रही। दुकानदारों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए अपनी दुकानों को रंगीन सजावट से सजाया है।
इस बार बाजार में कार्टून थीम और विशेष डिजाइन वाली पिचकारियां बच्चों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। योगी और मोदी थीम की पिचकारियां भी बच्चों को लुभा रही हैं और इनकी मांग अधिक बताई जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि त्योहार के कारण बिक्री में अच्छा उछाल आया है और अगले दो दिनों में और अधिक भीड़ की उम्मीद है।
शहर में सामूहिक होलिका दहन और होली मिलन समारोहों के जरिए सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया जा रहा है। लोगों ने एक-दूसरे को रंगों के इस पर्व की शुभकामनाएं देते हुए शांति, प्रेम और खुशहाली की कामना की।
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे





