उत्तर प्रदेश : हापुड़ में मां की जगह खाना बनाने गई किशोरी से दुष्कर्म की वारदात

Hapur News : हापुड़ में नगर कोतवाली क्षेत्र के मेरठ रोड स्थित आवास विकास कॉलोनी में एक फाइनेंस कंपनी में रहने वाले कर्मचारी पर एक किशोरी के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। किशोरी अपनी मां की जगह वहां खाना बनाने गई थी।

घटना के बाद आरोपी ने किशोरी को हत्या की धमकी दी, जिससे वह कई दिनों तक दहशत में रही। गुरुवार को पीड़िता ने परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचकर मामले की शिकायत की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

दर्ज रिपोर्ट में नगर के एक मोहल्ले की किशोरी ने बताया कि उसकी मां मेरठ रोड स्थित आवास विकास कॉलोनी में एक फाइनेंस कंपनी की पहली मंजिल पर किराए पर रहने वाले कर्मचारी युवकों के लिए खाना बनाने का काम करती है। आरोप है कि 15 मार्च को किसी कारणवश मां वहां नहीं जा सकी, जिसके चलते पीड़िता उनकी जगह खाना बनाने के लिए वहां चली गई।

इसी दौरान वहां रहने वाले फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी आगरा के फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के युवक ने किशोरी को अकेला पाकर उसे दबोच लिया और उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। घटना के बारे में किसी को भी जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।

धमकी के कारण किशोरी काफी समय तक सहमी रही और किसी को घटना की जानकारी नहीं दे सकी। बाद में उसने हिम्मत जुटाकर अपने स्वजन को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन किशोरी को लेकर गुरुवार को नगर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत दी।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि पुलिस ने किशोरी की तहरीर के आधार पर नामजद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img