Noida exports: निर्यातकों के कारोबार में उछाल, अमेरिका और यूरोप से बढ़ी मांग

Noida exports: निर्यातकों के कारोबार में उछाल, अमेरिका और यूरोप से बढ़ी मांग
नोएडा: जिले के निर्यातकों के कारोबार में हाल ही में तेजी देखी जा रही है। पिछले दो हफ्तों में 10 प्रतिशत से अधिक नए ऑर्डर मिले हैं। कपड़ों, हस्तशिल्प और ऑटो पार्ट्स सेक्टर में मांग बढ़ी है, जिससे निर्यातकों को राहत महसूस हो रही है। उन्हें उम्मीद है कि स्थिति जल्द ही सामान्य हो जाएगी।
शहर के निर्यातकों का सबसे ज्यादा कारोबार अमेरिका, यूरोप और अफ्रीकी देशों से होता है। बीते छह-आठ महीनों में वैश्विक तनाव और टैरिफ की वजह से कारोबार में 30 से 40 प्रतिशत तक गिरावट आई थी। इसके बाद निर्यातकों ने नए देशों में बाजार तलाशने के साथ-साथ घरेलू स्तर पर निर्यात बढ़ाने का प्रयास किया।
हाल ही में यूरोप के देशों से मुक्त व्यापार समझौते और अमेरिका के टैरिफ समझौते के बाद कारोबार में तेजी आई है। अपैरल पार्क क्लस्टर के अध्यक्ष ललित ठुकराल ने बताया कि अब अमेरिका के खरीदार नियमित ऑर्डर देने लगे हैं। हथकरघा और हस्तशिल्प एसोसिएशन के अध्यक्ष सीपी शर्मा ने बताया कि अमेरिका और यूरोप से लगातार उत्पादों के ऑर्डर आ रहे हैं।
निर्यातक अभिषेक मिश्रा ने कहा कि बीते कुछ सप्ताह में 10 प्रतिशत से अधिक ऑर्डर मिल चुके हैं, हालांकि अभी ऑर्डर सीमित मात्रा में ही हैं। उन्होंने अनुमान जताया कि स्थिति पूरी तरह सामान्य होने में चार से छह महीने का समय लग सकता है। भारतीय उत्पादों की मांग अमेरिका और यूरोप में चीन, बांग्लादेश और वियतनाम की तुलना में अधिक बनी हुई है।



