Noida Authority scheme: नोएडा प्राधिकरण की नई प्लॉट स्कीम लॉन्च, ई-नीलामी से मिलेगा कॉर्पोरेट ऑफिस, होटल और ग्रुप हाउसिंग का मौका

Noida Authority scheme: नोएडा प्राधिकरण की नई प्लॉट स्कीम लॉन्च, ई-नीलामी से मिलेगा कॉर्पोरेट ऑफिस, होटल और ग्रुप हाउसिंग का मौका
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण ने शहर में निवेश को बढ़ावा देने और बुनियादी ढांचे को मजबूती देने के उद्देश्य से एक नई प्लॉट स्कीम लॉन्च की है। इस स्कीम के तहत कॉर्पोरेट ऑफिस, होटल, कमर्शियल बिल्डर प्रोजेक्ट, धार्मिक स्थल और ग्रुप हाउसिंग के लिए प्लॉटों का आवंटन किया जाएगा। इच्छुक आवेदक 5 फरवरी से प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 26 फरवरी शाम 5 बजे तय की गई है। अधिकतर प्लॉटों का आवंटन ई-ऑक्शन के जरिए किया जाएगा।
कॉर्पोरेट ऑफिस निर्माण के लिए प्राधिकरण ने कुल 10 प्लॉटों की स्कीम पेश की है। इनमें से 9 प्लॉट 1000-1000 वर्गमीटर क्षेत्रफल के हैं, जबकि एक बड़ा प्लॉट 4002.62 वर्गमीटर का है। ये सभी प्लॉट सेक्टर-153 में स्थित हैं, जो तेजी से विकसित हो रहा कॉर्पोरेट हब माना जा रहा है। इन प्लॉटों के लिए 29,500 रुपये में पंजीकरण कराया जा सकता है। प्राधिकरण ने इनकी कीमत 1.08 करोड़ रुपये से लेकर 4.41 करोड़ रुपये तक निर्धारित की है।
धार्मिक उपयोग के लिए भी प्राधिकरण ने अवसर उपलब्ध कराया है। मंदिर निर्माण के लिए सेक्टर-15ए और सेक्टर-93बी में दो प्लॉट निकाले गए हैं। इन प्लॉटों के लिए 23,600 रुपये में पंजीकरण कराया जा सकता है। इनकी कीमत क्रमशः 27.73 लाख रुपये और 41.85 लाख रुपये तय की गई है। इन धार्मिक प्लॉटों का आवंटन साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा।
कमर्शियल बिल्डरों के लिए भी प्राधिकरण ने बड़े और छोटे दोनों आकार के प्लॉट उपलब्ध कराए हैं। बड़े कमर्शियल प्लॉट सेक्टर-96, सेक्टर-98, सेक्टर-62, सेक्टर-108 और सेक्टर-132 में स्थित हैं। इनका आकार 22 हजार वर्गमीटर से लेकर 49 हजार वर्गमीटर तक है और इनका आवंटन ई-नीलामी के जरिए किया जाएगा। इसके अलावा छोटे कमर्शियल प्लॉट भी सेक्टर-61, 126, 135, 142 जैसे प्रमुख सेक्टरों में उपलब्ध हैं, जिनका साइज 5 हजार से 14 हजार वर्गमीटर तक है।
होटल इंडस्ट्री में निवेश करने वालों के लिए भी यह स्कीम खास मानी जा रही है। होटल निर्माण के लिए कुल छह प्लॉट निकाले गए हैं, जिनका साइज 2 हजार से 24 हजार वर्गमीटर तक है। ये प्लॉट सेक्टर-93बी, 105, 135 और 142 में स्थित हैं। होटल प्लॉटों का रिजर्व प्राइस 1.41 लाख रुपये प्रति वर्गमीटर से लेकर 1.83 लाख रुपये प्रति वर्गमीटर तक तय किया गया है। इनके लिए भी 26 फरवरी तक आवेदन किया जा सकता है और आवंटन ई-ऑक्शन से होगा।
ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट के लिए सेक्टर-151 में जीएच-03 और जीएच-04 नाम से दो प्लॉट लॉन्च किए गए हैं। दोनों का क्षेत्रफल 20 हजार वर्गमीटर है। इन प्लॉटों का आवंटन भी ई-नीलामी के माध्यम से किया जाएगा। प्राधिकरण का मानना है कि इस स्कीम से नोएडा में रियल एस्टेट और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को नई गति मिलेगी।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ





