Noida air pollution: नोएडा–ग्रेटर नोएडा की हवा दोबारा ‘बेहद खराब’, एक्यूआई फिर 300 पार

Noida air pollution: नोएडा–ग्रेटर नोएडा की हवा दोबारा ‘बेहद खराब’, एक्यूआई फिर 300 पार
नोएडा। दो दिनों की मामूली राहत के बाद गुरुवार को नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हवा फिर से ‘बेहद खराब’ श्रेणी में पहुंच गई। सुबह से ही शहर के कई हिस्सों में धुंध और स्मॉग की चादर दिखी, जबकि शाम होते-होते प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया। नोएडा में गुरुवार का एक्यूआई 322 और ग्रेटर नोएडा में 301 दर्ज किया गया, जो कि बेहद खराब श्रेणी में आता है।
दिसंबर महीने में अब तक नोएडा की हवा 10 दिन बेहद खराब और दो दिन खराब श्रेणी में रही है। वहीं ग्रेटर नोएडा की हवा सात दिन बेहद खराब और पांच दिन खराब श्रेणी में रिकॉर्ड की गई है। लगातार पीएम 2.5 का स्तर पीएम 10 से ज्यादा बना हुआ है, जो स्वास्थ्य के लिए अधिक खतरनाक माना जाता है। जिले के नॉलेज पार्क-5 और सेक्टर-125 गुरुवार को सबसे अधिक प्रदूषित स्थान रहे।
चार दिनों से खराब चल रही सेक्टर-1 की वायु गुणवत्ता मापने वाली मशीन को भी गुरुवार को सुधार लिया गया और इसके आंकड़े भी जारी कर दिए गए। सुबह 10 बजे तक हल्की धूप निकलने से दोपहर में एक्यूआई में थोड़ी गिरावट देखी गई, लेकिन जैसे-जैसे शाम बढ़ी, दोनों शहरों में प्रदूषण का स्तर फिर बढ़ने लगा।
अधिकारियों का अनुमान है कि शुक्रवार सुबह भी दोनों शहरों का एक्यूआई 300 के आसपास रह सकता है। गुरुवार को नोएडा और ग्रेटर नोएडा का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार मध्य दिसंबर से तापमान में और तेजी से गिरावट आ सकती है, जिससे प्रदूषण और भी गंभीर हो सकता है।
दिसंबर में अब तक दोनों शहरों का एक्यूआई लगातार उतार-चढ़ाव के साथ खतरनाक स्तर पर बना हुआ है –
11 दिसंबर: नोएडा 322, ग्रेटर नोएडा 301
10 दिसंबर: 256, 224
9 दिसंबर: 285, 252
8 दिसंबर: 330, 302
7 दिसंबर: 317, 290
‘कोटा फैक्ट्री’ सीजन 3: जितेंद्र कुमार की दमदार ड्रामा नेटफ्लिक्स पर आएगी, रिलीज डेट सामने आई




