Delhi bomb threat: दिल्ली में स्कूलों को बम धमकी, अफरा-तफरी के बीच बच्चों की तुरंत छुट्टी

Delhi bomb threat: दिल्ली में स्कूलों को बम धमकी, अफरा-तफरी के बीच बच्चों की तुरंत छुट्टी
रिपोर्ट: रवि डालमिया
दिल्ली में आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब राजधानी के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की खबर सामने आई। पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर स्थित प्रियदर्शनी विहार के लवली पब्लिक स्कूल को ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई, जिसके बाद स्कूल प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ। प्रशासन ने छात्रों के परिवारों को सूचना देकर बच्चों को छुट्टी दे दी और पूरे परिसर को खाली करा लिया गया। धमकी के बाद स्कूल में अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई, हालांकि स्कूल प्रशासन ने स्थिति को संभालते हुए छात्रों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला।
मामले की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस, क्राइम टीम, फॉरेंसिक विशेषज्ञ, डॉग स्क्वाड और अग्निशमन विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और स्कूल में विस्तृत जांच शुरू की। ईमेल में दावा किया गया था कि स्कूल परिसर में विस्फोटक उपकरण लगाया गया है और दोपहर 12:05 बजे धमाका होगा। इस संवेदनशील सूचना के चलते सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे स्कूल को करीब दो घंटे तक खंगाला।
स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. भावना मलिक के अनुसार धमकी भरा ईमेल सुबह करीब 10:05 बजे प्राप्त हुआ था। मेल मिलते ही प्रशासन ने बिना देरी किए पुलिस और अन्य आपातकालीन एजेंसियों को सूचना भेजी। जांच के दौरान स्कूल में किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, लेकिन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए छात्रों को धीरे-धीरे बाहर निकाला गया ताकि किसी तरह का पैनिक ना फैले।
स्कूल की ओर से पैरेंट्स को भेजे गए नोटिस में बताया गया कि यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है और सभी छात्रों की सुरक्षा सबसे पहली प्राथमिकता है। नोटिस में माता-पिता से अनुरोध किया गया था कि वे बिना घबराए स्कूल पहुंचकर अपने बच्चों को ले जाएं।
एक अभिभावक ने बताया कि उन्हें स्कूल की तरफ से फोन आया था जिसमें तत्काल बच्चे को घर ले जाने की सूचना दी गई। बाद में पता चला कि स्कूल को एक ईमेल मिला था जिसमें बम धमाके की धमकी दी गई थी। हालांकि जांच में कुछ नहीं मिला, लेकिन इस घटना ने स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था और ईमेल धमकियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब ईमेल भेजने वाले की तलाश में जुट गई है और मामले की जांच जारी है।





