Greater Noida: सोने के कड़ों के लालच में दोस्त बना कातिल, एसी मैकेनिक की बेरहमी से हत्या, शव जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश

Greater Noida: सोने के कड़ों के लालच में दोस्त बना कातिल, एसी मैकेनिक की बेरहमी से हत्या, शव जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश

नोएडा। ग्रेटर नोएडा में एसी मैकेनिक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि मृतक की हत्या उसके ही दोस्त ने सोने के कड़ों के लालच में की थी। आरोपी ने पहले अपने दोस्त को शराब पिलाई, फिर सुनसान जगह पर ले जाकर डंडे से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। इतना ही नहीं, हत्या के बाद शव को जलाकर सबूत मिटाने का भी प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार कासना थाना क्षेत्र के दौला राजपुरा निवासी हुजैफ का शव 12 मई को चीरसी नहर के पास बरामद हुआ था। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और खुलासे के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद ली। कई दिनों की पड़ताल के बाद पुलिस आरोपी शहजाद तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली। डीसीपी ग्रेटर नोएडा प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि हुजैफ और शहजाद दोनों आपस में अच्छे दोस्त थे तथा दोनों को नशे की लत थी। हुजैफ नया मोबाइल फोन खरीदना चाहता था और एसी का काम बढ़ाने के लिए भी पैसों की जरूरत थी। उसने अपने परिजनों से आर्थिक मदद मांगी, लेकिन परिवार ने पैसे देने से मना कर दिया। इसके बाद उसने अपनी मां के चार सोने के कड़े चोरी कर लिए। पुलिस जांच में पता चला कि हुजैफ ने सोने के कड़े चोरी करने की बात अपने दोस्त शहजाद को भी बता दी थी। तभी से शहजाद की नजर उन कड़ों पर थी। उसने कड़ों को हासिल करने के लिए अपने ही दोस्त की हत्या की साजिश रच डाली। वारदात वाले दिन शहजाद अपने दोस्त हुजैफ को मोटरसाइकिल पर बैठाकर एक सुनसान इलाके में ले गया। वहां दोनों ने शराब और नशा किया। जब हुजैफ नशे में हो गया तो आरोपी ने डंडे से उसके सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोट लगने से हुजैफ की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के इरादे से शव को आग लगाने की कोशिश की। लेकिन आग की लपटें तेज होने पर उसे डर लगा कि कहीं लोग उसे देख न लें। इसके बाद उसने आग बुझा दी और शव को चीरसी नहर के पास फेंककर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी शहजाद को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त डंडा, तीन सोने के कड़े और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस वारदात ने एक बार फिर दिखा दिया कि लालच किस तरह दोस्ती जैसे रिश्ते को भी खत्म कर सकता है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img