Noida: पत्नी की मौत के अगले दिन पति ने भी दी जान, सूरजपुर में दो मौतों से सनसनी, पुलिस ने हिरासत से भागने की बात को बताया अफवाह

Noida: पत्नी की मौत के अगले दिन पति ने भी दी जान, सूरजपुर में दो मौतों से सनसनी, पुलिस ने हिरासत से भागने की बात को बताया अफवाह

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर क्षेत्र में पति-पत्नी की लगातार दो मौतों ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पत्नी द्वारा आत्महत्या किए जाने के एक दिन बाद ही पति ने भी फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सोमवार सुबह सामने आई इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 21 वर्षीय सौरभ के रूप में हुई है, जो मेरठ जिले के जानी थाना क्षेत्र के बाफर गांव का निवासी था। वह वर्तमान में सूरजपुर कस्बे की गुरुद्वारा वाली गली स्थित एक किराये के मकान में रहकर ऑटो चलाने का काम करता था। स्थानीय लोगों के अनुसार पत्नी की मौत के बाद से वह गहरे सदमे और मानसिक तनाव में था। जानकारी के मुताबिक सौरभ की पत्नी ने शनिवार को नॉलेज पार्क क्षेत्र स्थित जीएल बजाज कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल की तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। इस घटना के बाद परिवार और परिचितों में शोक का माहौल था। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले पति-पत्नी के बीच व्हाट्सएप पर आए कुछ मैसेज को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद मामला गंभीर हो गया। सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि प्रेम कुंज स्थित गुरुद्वारा वाली गली में किराये के कमरे में रहने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही सूरजपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा खुलवाने पर अंदर सौरभ का शव पंखे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि पत्नी की मौत के बाद सौरभ बेहद परेशान दिखाई दे रहा था और किसी से ज्यादा बातचीत भी नहीं कर रहा था। दोनों ने करीब आठ महीने पहले प्रेम विवाह किया था और साथ रह रहे थे। लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं ने परिवार के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी स्तब्ध कर दिया है। पत्नी की आत्महत्या के मामले में मृतका के परिजनों ने सौरभ के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए नॉलेज पार्क कोतवाली में तहरीर दी थी। इसी बीच सौरभ की मौत के बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा शुरू हो गई कि वह पुलिस हिरासत से भागकर अपने कमरे तक पहुंचा था और वहां उसने आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इन दावों को पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया है। डीसीपी ग्रेटर नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने स्पष्ट किया कि सौरभ किसी भी समय पुलिस हिरासत में नहीं था। उन्होंने कहा कि पुलिस हिरासत से फरार होने की बात पूरी तरह तथ्यहीन है और लोगों से अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करने की अपील की। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पति-पत्नी की लगातार हुई इन दुखद मौतों ने पूरे क्षेत्र में चर्चा और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img