Kangra zipline project: कांगड़ा में एशिया की सबसे लंबी जिपलाइन बनेगी, पर्यटन को मिलेगा बड़ा प्रोत्साहन

Kangra zipline project: कांगड़ा में एशिया की सबसे लंबी जिपलाइन बनेगी, पर्यटन को मिलेगा बड़ा प्रोत्साहन
शिमला, 15 फरवरी 2026। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पर्यटन को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार ने धौलाधार घाटी के नड्डी क्षेत्र में एशिया की सबसे लंबी जिपलाइन परियोजना विकसित करने का निर्णय लिया है। 4.3 किलोमीटर लंबी यह महत्वाकांक्षी परियोजना लगभग 7.41 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जाएगी और इसे साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में ऐतिहासिक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
प्रस्तावित जिपलाइन में चार स्टेशन बनाए जाएंगे—गल्लू (प्रारंभिक बिंदु), बल गांव, नड्डी और मैगी प्वाइंट खड्ड (समापन बिंदु)। यह परियोजना पर्यटकों को रोमांच से भरपूर अनुभव प्रदान करेगी, साथ ही धौलाधार पर्वतमाला की अद्भुत प्राकृतिक छटा को नजदीक से देखने का अवसर देगी। सरकार ने इसे 36 माह की अवधि में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
यह जिपलाइन धर्मशाला के प्रसिद्ध नड्डी व्यू प्वाइंट पर विकसित की जाएगी, जो अपने विहंगम दृश्यों और शांत वातावरण के लिए देश-विदेश के पर्यटकों के बीच लोकप्रिय है। परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में पर्यटन अवसंरचना और अधिक सुदृढ़ होगी। इससे साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और कांगड़ा जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कांगड़ा को ‘पर्यटन राजधानी’ का दर्जा दिया है और जिले में सतत पर्यटन विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना न केवल हिमाचल प्रदेश की पहचान को वैश्विक स्तर पर मजबूत करेगी, बल्कि प्रदेश को साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे




