Shimla: मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से पत्रकारिता विभाग के छात्रों की भेंट, शिक्षा सुधार और जीवन अनुभव साझा किए
Shimla News: मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से पत्रकारिता विभाग के छात्रों की भेंट, शिक्षा सुधार और जीवन अनुभव साझा किए
शिमला में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रों से संवाद किया और उन्हें राज्य सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों की विस्तृत जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने बातचीत के दौरान अपने छात्र जीवन और राजनीतिक सफर को भी साझा किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने मात्र 17 वर्ष की आयु में सार्वजनिक जीवन में प्रवेश किया था, जब वे कक्षा प्रतिनिधि के रूप में चुने गए थे। इसके बाद उन्होंने एनएसयूआई, युवा कांग्रेस और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। बाद में वे नगर निगम शिमला के पार्षद बने और फिर नादौन विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए।
मुख्यमंत्री ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति अपने संघर्ष और मेहनत के बल पर सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने अपने साधारण और गैर-राजनीतिक परिवार से निकलकर मुख्यमंत्री बनने की यात्रा को उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया और युवाओं को राजनीति और जनसेवा में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार सुधार कर रही है, ताकि सरकारी संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों को बेहतर अवसर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
इस अवसर पर विधायक संजय अवस्थी, सुरेश कुमार, हरीश जनारथा और विवेक शर्मा सहित प्रोफेसर शशिकांत शर्मा भी उपस्थित रहे।





