Safdarjung Hospital Kidney Clinic: सफदरजंग अस्पताल में किडनी मरीजों के लिए विशेष क्लीनिक शुरू, हर शनिवार मिलेगी उन्नत सुविधा
नई दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल ने किडनी रोगियों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विशेष क्लीनिक शुरू करने की घोषणा की है। अस्पताल के नेफ्रोलॉजी विभाग द्वारा ‘वैस्कुलर एक्सेस एवं सीएपीडी स्पेशल क्लिनिक’ की शुरुआत की गई है, जिससे क्रॉनिक किडनी डिजीज (CKD) से पीड़ित मरीजों को बेहतर और समग्र इलाज मिल सकेगा।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार यह विशेष क्लीनिक हर शनिवार सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित की जाएगी। इसे सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक (SSB) बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर स्थापित किया गया है, जहां मरीजों को एक ही छत के नीचे विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी।
नेफ्रोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. हिमांशु वर्मा ने बताया कि इस क्लीनिक में विशेष रूप से उन मरीजों को प्राथमिकता दी जाएगी जिन्हें हीमोडायलिसिस के लिए वैस्कुलर एक्सेस की आवश्यकता होती है या जिन्हें कंटीन्यूस एंबुलेटरी पेरिटोनियल डायलिसिस (CAPD) की जरूरत होती है।
डॉ. वर्मा के अनुसार, किडनी रोगियों के लिए समय पर सही वैस्कुलर एक्सेस बनाना और सीएपीडी जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग जीवन रक्षक साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि नई क्लीनिक के शुरू होने से मरीजों को अलग-अलग विभागों में भटकना नहीं पड़ेगा और उन्हें एक ही स्थान पर विशेषज्ञ परामर्श और उपचार मिल सकेगा।
इस पहल से किडनी मरीजों के इलाज की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित, तेज और प्रभावी होने की उम्मीद है, जिससे लंबे समय से इलाज करा रहे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे



