Hamirpur Bridge Accident: हमीरपुर पुल हादसे पर सीएम योगी का बड़ा ऐलान, मृतकों के परिजनों को 5 लाख और घायलों को 50 हजार की सहायता

Hamirpur Bridge Accident: हमीरपुर पुल हादसे पर सीएम योगी का बड़ा ऐलान, मृतकों के परिजनों को 5 लाख और घायलों को 50 हजार की सहायता
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल पर हुए दर्दनाक हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस दुर्घटना को बेहद दुःखद और हृदय विदारक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। साथ ही उन्होंने मृतकों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन को तुरंत राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन मिलकर युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाएं ताकि प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द मदद पहुंचाई जा सके। मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने के भी निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा है कि राहत और बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को लगातार मौके पर निगरानी रखने और हर स्थिति पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी बीच गुरुवार देर रात प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी-तूफान, भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से व्यापक नुकसान हुआ है। कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस स्थिति का भी गंभीरता से संज्ञान लेते हुए सभी जिलाधिकारियों को तुरंत फील्ड में जाकर नुकसान का सर्वे करने और राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत राशि जल्द से जल्द वितरित की जाए और बचाव कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने अधिकारियों को हर तीन घंटे में स्थिति की अद्यतन रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही मुआवजा वितरण, राहत शिविरों और बचाव कार्यों से जुड़ी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाने को कहा गया है, ताकि लोगों को सही और समय पर सूचना मिल सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।





