राज्यउत्तर प्रदेश

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में नालों पर बने पुलों का निरीक्षण, प्राधिकरण ने सड़क सुरक्षा मजबूत करने के दिए निर्देश

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में नालों पर बने पुलों का निरीक्षण, प्राधिकरण ने सड़क सुरक्षा मजबूत करने के दिए निर्देश

नोएडा। ग्रेटर नोएडा में सड़क हादसों की रोकथाम और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा चलाया जा रहा सड़क सुरक्षा अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) सुनील कुमार सिंह और एसीईओ प्रेरणा सिंह ने शहर के विभिन्न इलाकों में नालों पर बने पुलों और पुलियाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा इंतजामों की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित विभागों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सेक्टर गामा वन और सेक्टर पी-3 के पास बनी पुलिया पर रेलिंग की स्थिति देखी और उसे और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पुलों और सड़कों पर रेफ्लेक्टर, कैट्स आई और अन्य सुरक्षा संकेतकों की संख्या बढ़ाने को कहा गया, ताकि रात के समय वाहन चालकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश मिल सकें और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।

एसीईओ ने सेक्टर पाई वन में एक बिल्डर प्रोजेक्ट का भी निरीक्षण किया, जहां निर्माण कार्य के आसपास सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। बिल्डर को निर्देश दिए गए कि निर्माण स्थल के चारों ओर पर्याप्त बेरिकेटिंग की जाए, जिससे आम लोगों और वाहन चालकों को किसी तरह का खतरा न हो। इसके अलावा सेक्टर स्वर्णनगरी में सड़क किनारे नालियों पर टूटे स्लैब को तुरंत दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सेक्टर पी-1 स्थित सिटी सेंटर और शगुन मार्ट क्षेत्र का भी निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य जल्द पूरा करने को कहा। इस निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ प्रबंधक मनोज सचान, वरिष्ठ प्रबंधक रतिक और प्रबंधक संध्या सिंह भी मौजूद रहे।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार के निर्देश पर पूरे शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत प्राधिकरण के महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह के नेतृत्व में परियोजना विभाग की आठों वर्क सर्किल टीमें लगातार फील्ड में काम कर रही हैं। ये टीमें शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में भ्रमण कर ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों की पहचान कर रही हैं।

महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि मंगलवार को आठों टीमों ने कुल 36 संवेदनशील स्थानों को चिन्हित किया, जहां सड़क हादसों की आशंका अधिक है। इसके अलावा उन्होंने स्वयं डीएससी रोड, सूरजपुर और केंद्रीय विहार समेत कई इलाकों का निरीक्षण कर 12 अतिरिक्त प्वाइंट चिन्हित किए, जहां तुरंत सुरक्षा उपाय बढ़ाने का काम शुरू करा दिया गया है। इन स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार स्लैब डालने, कर्व बनाने, मिट्टी भरवाने, रेलिंग मजबूत करने, रेफ्लेक्टर और कैट्स आई लगाने जैसे कार्य किए जा रहे हैं।

प्राधिकरण ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। महाप्रबंधक एके सिंह ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में दुर्घटना संभावित स्थान दिखाई दे, तो उसकी सूचना तुरंत प्राधिकरण को दी जाए। इसके लिए क्षेत्रवार वर्क सर्किल प्रभारियों के मोबाइल नंबर भी जारी किए गए हैं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Related Articles

Back to top button
top online casinos in Canada best online casino Canada 2026 top rated online casinos Canada online casinos ranked Canada 2026 top 10 casino sites Canadian players