उत्तर प्रदेश : जेवर एयरपोर्ट उद्घाटन को भव्य बनाने में जुटी भाजपा, रणनीति बैठक में तय हुई जिम्मेदारियां

Bulandshar News (अवनीश त्यागी) : आगामी 28 मार्च को प्रस्तावित जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को देखते हुए पार्टी पदाधिकारियों ने व्यापक रणनीति तैयार की और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया ने सहभागिता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विकास चौहान ने की तथा संचालन जिला महामंत्री संतोष बाल्मीकि ने किया।

इस दौरान प्रदेश महामंत्री एवं क्षेत्रीय प्रभारी एमएलसी सुभाष यदुवंश, प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी वसंत त्यागी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी, सदर विधायक प्रदीप चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सभी ने एकजुट होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि धर्मपाल सिंह ने कहा कि जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश के विकास का नया द्वार साबित होगा और यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है, जिससे क्षेत्र में आर्थिक, औद्योगिक और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पूरे समर्पण के साथ इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में जुटें।

वहीं क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया ने इसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि यह आयोजन एक विशाल जनसभा के रूप में स्थापित हो सके।

जिला अध्यक्ष विकास चौहान ने बताया कि संगठन स्तर पर मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक तैयारियां पूरी गति से चल रही हैं और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जा चुकी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बुलंदशहर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनेंगे।

बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष डीके शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष दीप्ति मित्तल, ब्लॉक प्रमुख अतुल सिंह, जिला महामंत्री दीपक दूल्हेरा, जिला मीडिया प्रभारी अभिनव वर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने का संकल्प लिया।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img