Greater Noida Murder Case: संपत्ति विवाद में पिता ने 13 साल के बेटे की हत्या की, शव तालाब में फेंका
Greater Noida Murder Case: संपत्ति विवाद में पिता ने 13 साल के बेटे की हत्या की, शव तालाब में फेंका
ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने संपत्ति विवाद में अपने ही 13 साल के इकलौते बेटे की हत्या कर दी। आरोपी ने पहले बेटे का गला दबाकर उसकी जान ली और फिर शव को घर से दूर सड़क किनारे स्थित तालाब में फेंक दिया, ताकि मामला अपहरण या किसी अन्य हत्या जैसा दिखाई दे। घटना के बाद आरोपी घर लौटा और परिवार को झूठी कहानी सुनाने लगा कि बेटा अचानक लापता हो गया है। यह सनसनीखेज वारदात सिरसा गांव की 6 प्रतिशत कॉलोनी में रहने वाले प्रदीप उर्फ पप्पी ने अंजाम दी, जो अपने परिवार के साथ वहीं रहता था। पुलिस के अनुसार, मृतक सुधांशु आठवीं कक्षा में पढ़ता था और आरोपी का इकलौता बेटा था। बुधवार को प्रदीप उसे कार में बैठाकर घर से बाहर ले गया, लेकिन कुछ देर बाद अकेले वापस लौटा। जब परिवार ने सुधांशु के बारे में पूछा तो वह अलग-अलग बहाने बनाता रहा और कहता रहा कि बेटा कहीं चला गया है। देर रात तक जब बच्चा घर नहीं पहुंचा तो परिवार को शक हुआ और प्रदीप के भाई ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें सुधांशु आखिरी बार अपने पिता के साथ दिखाई दिया। पूछताछ के दौरान प्रदीप लगातार बयान बदलता रहा और कभी दोस्त तो कभी रिश्तेदार के घर छोड़ने की बात कहता रहा। इसी बीच आसपास के लोगों ने पास के तालाब में एक शव तैरता हुआ देखा, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बाहर निकाला। परिवार ने शव की पहचान सुधांशु के रूप में की तो घर में कोहराम मच गया। सख्ती से पूछताछ करने पर प्रदीप टूट गया और उसने हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि उसने अपने भाइयों को संपत्ति विवाद में फंसाने के लिए बेटे की हत्या की। पुलिस पूछताछ के दौरान उसने खुद पर चाकू से हमला कर आत्महत्या की कोशिश भी की, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे रोक लिया। फिलहाल आरोपी अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है। जांच में सामने आया कि परिवार में करीब दो बीघा सड़क किनारे की जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, जहां बनी दुकानों से अच्छा किराया आता था। आरोपी को डर था कि उसके भाई पूरी संपत्ति हड़प लेंगे और उसे हिस्सा नहीं मिलेगा। ग्रामीणों के अनुसार प्रदीप नशे का आदी था और अक्सर भाइयों के खिलाफ शिकायतें करता रहता था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ने बेहद खौफनाक साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया और अब मामले की गहन जांच की जा रही है।