Noida Property Rates Hike: नोएडा में जमीन खरीदना हुआ महंगा, आवासीय और औद्योगिक भूखंडों के दाम 11% बढ़े
Noida Property Rates Hike: नोएडा में जमीन खरीदना हुआ महंगा, आवासीय और औद्योगिक भूखंडों के दाम 11% बढ़े
नोएडा में प्रॉपर्टी खरीदने वालों को अब ज्यादा कीमत चुकानी होगी, क्योंकि नोएडा प्राधिकरण ने आवासीय, संस्थागत और औद्योगिक भूखंडों की दरों में करीब 11 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर दी है। पिछले वर्ष जहां संपत्तियों की कीमतों में केवल 5 प्रतिशत की वृद्धि की गई थी, वहीं इस बार की बढ़ोतरी को अब तक की सबसे बड़ी वृद्धि माना जा रहा है। प्राधिकरण का कहना है कि ई-ऑक्शन के दौरान भूखंडों की लगातार बढ़ती बोली और बाजार में बढ़ती मांग को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। नई दरें लागू होने के बाद अब सभी नए आवंटन इन्हीं संशोधित कीमतों के आधार पर किए जाएंगे। प्राधिकरण के अनुसार, आवासीय, संस्थागत और औद्योगिक भूखंडों की कीमतों में समान रूप से वृद्धि की गई है, जिससे रियल एस्टेट सेक्टर पर भी सीधा असर पड़ेगा। औद्योगिक संपत्तियों में की गई बढ़ोतरी के तहत फेज-1 में चार हजार वर्ग मीटर तक के औद्योगिक भूखंड का आवंटन अब 55,880 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से होगा। वहीं फेज-2 में 60 हजार वर्ग मीटर से बड़े औद्योगिक भूखंडों के लिए शुल्क 20 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर निर्धारित किया गया है। हालांकि प्राधिकरण ने ईडब्ल्यूएस और श्रमिक कुंज जैसी योजनाओं के भवनों की दरों में कोई बदलाव नहीं किया है और उनकी कीमतें पहले की तरह 10,140 रुपये प्रति वर्ग मीटर ही रहेंगी, ताकि निम्न आय वर्ग के लोगों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े। दूसरी ओर, व्यवसायिक संपत्तियों की दरों में इस बार कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। प्राधिकरण का कहना है कि व्यावसायिक संपत्तियों की मांग अभी अपेक्षाकृत कम बनी हुई है और निवेशकों की रुचि सीमित है, इसलिए फिलहाल उनके दाम स्थिर रखे गए हैं। प्रॉपर्टी विशेषज्ञों का मानना है कि नई दरों का असर आने वाले समय में नोएडा के रियल एस्टेट बाजार पर साफ दिखाई देगा और इससे घर खरीदारों तथा उद्योगों की लागत दोनों बढ़ सकती हैं। वहीं कुछ विशेषज्ञ इसे शहर के तेजी से विकसित होते इंफ्रास्ट्रक्चर और बढ़ती निवेश संभावनाओं से भी जोड़कर देख रहे हैं।