Knowledge Park Murder: शराब पार्टी के बाद दो मजदूरों की हत्या से सनसनी
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज के निर्माणाधीन हॉस्टल में दो मजदूरों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों शव कमरे के अंदर खून से लथपथ हालत में पड़े मिले, जबकि पास में खून से सना फावड़ा और सरिया भी बरामद हुआ है। पुलिस का कहना है कि दोनों मजदूरों के सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया, जिससे उनकी मौत हुई। शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद और शराब के नशे में हुई हिंसा से जुड़ा माना जा रहा है। यह वारदात शुक्रवार सुबह सामने आई, जब निर्माण कार्य में लगे अन्य मजदूर काम पर जाने के लिए कमरों से बाहर निकल रहे थे। उसी दौरान एक मजदूर ने कमरे में झांककर देखा तो अंदर दो शव पड़े हुए थे। घटना की सूचना तुरंत ठेकेदार और पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी। मृतकों की पहचान मेरठ निवासी 25 वर्षीय शीशपाल और 50 वर्षीय इंद्रपाल के रूप में हुई है। दोनों हाल ही में मेरठ से काम करने के लिए बुलाए गए थे और निर्माणाधीन हॉस्टल के एक कमरे में अपने एक अन्य साथी के साथ रह रहे थे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गुरुवार रात तीनों मजदूर एक साथ थे और संभावना जताई जा रही है कि रात में शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। डीसीपी प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि जांच के दौरान एक संदिग्ध की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि किसी भारी वस्तु से सिर पर वार कर दोनों की हत्या की गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों में डर और दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि हॉस्टल का निर्माण पिछले दो वर्षों से चल रहा है और वहां करीब 30 से अधिक मजदूर रहकर काम कर रहे हैं। पुलिस अब हत्या के पीछे की असली वजह और फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।भी इस दोहरे हत्याकांड से दहशत में हैं।
Knowledge Park Murder: शराब पार्टी के बाद दो मजदूरों की हत्या से सनसनी





