उत्तर प्रदेशराज्य

Greater Noida land fraud: फर्जी दस्तावेजों से 10 बीघा जमीन बेचने का खुलासा, ग्रेटर नोएडा में छह आरोपियों पर दर्ज हुआ केस

Greater Noida land fraud: फर्जी दस्तावेजों से 10 बीघा जमीन बेचने का खुलासा, ग्रेटर नोएडा में छह आरोपियों पर दर्ज हुआ केस

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र से जमीन से जुड़ी एक बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां जालसाजों ने फर्जी कागजात तैयार कर करीब 10 बीघा ऐसी जमीन बेच दी जो वास्तव में मौके पर मौजूद ही नहीं थी। इस ठगी का शिकार हुए देहरादून निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर न्यायालय के आदेश से पुलिस ने दो नामजद सहित कुल छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला मेहंदीपुर गांव का बताया जा रहा है, जहां यह पूरा फर्जीवाड़ा अंजाम दिया गया।

पुलिस के अनुसार, देहरादून निवासी नीरज गर्ग ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उन्होंने वर्ष 2009 में निवेश के उद्देश्य से जमीन खरीदने की योजना बनाई थी। इसी दौरान एक परिचित के माध्यम से उनकी मुलाकात गाजियाबाद निवासी कुसुम आर्य और सत्य भूषण आर्य से हुई। आरोप है कि इन दोनों ने कुछ स्थानीय लोगों के साथ मिलकर नीरज गर्ग को मेहंदीपुर गांव में करीब 10 बीघा जमीन दिखाई और खुद को उसका वैध मालिक बताया।

जालसाजों ने जमीन से जुड़े फर्जी दस्तावेज तैयार किए और विश्वास में लेकर पीड़ित से रजिस्ट्री करवा ली। इस दौरान नीरज गर्ग से करीब 4.65 लाख रुपये ले लिए गए। शुरुआत में सब कुछ सही दिखाया गया, लेकिन जब पीड़ित ने जमीन पर कब्जा दिलाने की बात कही, तो आरोपी लगातार टालमटोल करने लगे। यह सिलसिला कई वर्षों तक चलता रहा।

बाद में जब नीरज गर्ग ने खुद मौके पर जाकर स्थिति की जांच कराई, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जिस जमीन की रजिस्ट्री उनके नाम कराई गई थी, वह जमीन मौके पर अस्तित्व में ही नहीं थी। पीड़ित को एहसास हुआ कि उसके साथ सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी की गई है।

पीड़ित का आरोप है कि जब उसने आरोपियों से अपने पैसे वापस मांगे, तो उन्होंने न सिर्फ अभद्रता की बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद मजबूर होकर नीरज गर्ग ने न्यायालय का रुख किया। कोर्ट के आदेश पर रबूपुरा कोतवाली पुलिस ने आरोपी कुसुम आर्य, सत्य भूषण आर्य और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक धमकी से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फर्जी दस्तावेज किस स्तर पर और किन लोगों की मदद से तैयार किए गए। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह ने इससे पहले भी इस तरह की किसी अन्य जमीन की ठगी को अंजाम दिया है या नहीं।

मलाइका अरोड़ा ने अर्जुन कपूर के साथ ब्रेकअप की खबरों के बीच अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर की, कहा ‘हममें से हर किसी के पास सिर्फ़…’

Related Articles

Back to top button