Greater Noida Flower Exhibition: पुष्प प्रकृति की मानवता को सबसे बड़ी देन: डॉ महेश शर्मा, ग्रेटर नोएडा में पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ

Greater Noida Flower Exhibition: पुष्प प्रकृति की मानवता को सबसे बड़ी देन: डॉ महेश शर्मा, ग्रेटर नोएडा में पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ
नोएडा। लोकसभा सांसद डॉ महेश शर्मा ने बृहस्पतिवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से सम्राट मिहिरभोज पार्क (सिटी पार्क) में आयोजित पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि पुष्प प्रकृति की तरफ से मानवता को सबसे बड़ी देन हैं। प्रकृति और मानव का चोली-दामन का साथ है, और भारत की संस्कृति में फूलों का विशेष महत्व है। मनुष्य के जीवन के हर चरण में फूल उपस्थित रहते हैं और जीवन में रंग और महक भरते हैं। पुष्प प्रदर्शनी 1 मार्च तक जारी रहेगी।
डॉ महेश शर्मा ने कहा कि किसी भी शहर की पहचान ईंट-पत्थरों से नहीं, बल्कि उसके सांस्कृतिक और सामाजिक ताने-बाने से होती है। ऐसे आयोजनों से शहर जीवंत बनते हैं। उन्होंने जिले के निवासियों से अपील की कि वे परिवार, पड़ोसी और मित्रों के साथ सिटी पार्क में आयोजित इस प्रदर्शनी का आनंद लें। सांसद ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार और टीम की सराहना की, जिन्होंने कर्ज में डूबे प्राधिकरण को कर्ज मुक्त कर विकास कार्यों में तेजी लाई।
इस वर्ष की प्रदर्शनी में पहली बार ड्रोन शो का आयोजन किया गया, जिसने दर्शकों को आश्चर्यचकित कर दिया। आसमान में ड्रोन के जरिए भारत का नक्शा, आयोध्या मंदिर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छवि प्रदर्शित की गई। इसके अलावा, ऑपरेशन सिंदूर की थीम पर फूलों से बनाई गई आकृति, फूलों से बने टाइगर, शिमला मिर्च से हार्ट शेप और राष्ट्रीय पक्षी मोर की आकृतियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनीं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया और स्कूली छात्रों ने मां सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। भाजपा महिला जिलाध्यक्ष रजनी, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा, महाप्रबंधक एके सिंह, ओएसडी अभिषेक पाठक, ओएसडी गिरीश कुमार झा, डीजीएम एसके जैन, वरिष्ठ प्रबंधक अजित भाई पटेल, उपनिदेशक उद्यान नथोली सिंह और सहायक निदेशक बुद्ध विलास समेत कई अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पुष्प प्रदर्शनी न केवल प्रकृति और संस्कृति के महत्व को दर्शाती है, बल्कि नागरिकों को शहर के सांस्कृतिक और सामाजिक जीवन से जोड़ने का अवसर भी प्रदान करती है।
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे



