Greater Noida: स्वच्छता रैंकिंग प्रतियोगिता के लिए आवेदन की तिथि बढ़ी, अब 31 जनवरी तक मिलेगा मौका

Greater Noida: स्वच्छता रैंकिंग प्रतियोगिता के लिए आवेदन की तिथि बढ़ी, अब 31 जनवरी तक मिलेगा मौका
नोएडा। ग्रेटर नोएडा में स्वच्छता अभियान को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा बल्क वेस्ट जनरेटरों, विशेष रूप से रिहायशी सोसाइटियों के लिए शुरू की गई स्वच्छता रैंकिंग प्रतियोगिता में आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पहले इस प्रतियोगिता में आवेदन की अंतिम तिथि 9 जनवरी तय की गई थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 31 जनवरी 2026 कर दिया गया है। इससे अधिक से अधिक रिहायशी और गैर रिहायशी संस्थाओं को प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
इस प्रतियोगिता के तहत स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। रिहायशी सोसाइटियों के साथ-साथ गैर रिहायशी संस्थाएं भी इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकती हैं। दोनों श्रेणियों के लिए पुरस्कार की धनराशि समान रखी गई है। प्रतियोगिता में पहले स्थान पर रहने वाली रिहायशी और गैर रिहायशी संस्था को एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। दूसरे स्थान पर रहने वालों को 75 हजार रुपये, तीसरे स्थान पर रहने वालों को 50 हजार रुपये और दोनों ही श्रेणियों में दो-दो प्रतिभागियों को 25-25 हजार रुपये का सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा।
प्रतियोगिता के विजेताओं को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा आगामी 26 फरवरी से 1 मार्च तक प्रस्तावित पुष्प प्रदर्शनी के आयोजन के दौरान सम्मानित किया जाएगा। यह आयोजन न केवल स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बनेगा, बल्कि बेहतर कूड़ा प्रबंधन अपनाने वाली संस्थाओं को प्रोत्साहन भी देगा।
ग्रेटर नोएडा में ठोस अपशिष्ट कूड़ा प्रबंधन नियम 2016 लागू हैं, जिनके तहत बल्क वेस्ट जनरेटरों को अपने स्तर पर कूड़े का निस्तारण करना अनिवार्य है। प्राधिकरण केवल गैर-रीसाइकिल योग्य इनर्ट वेस्ट का ही उठान करता है। ग्रेटर नोएडा की अधिकतर रिहायशी सोसाइटियां बल्क वेस्ट जनरेटर की श्रेणी में आती हैं। इसी कारण स्वच्छता को लेकर उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है।
सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का स्वास्थ्य विभाग इस वर्ष भी यह स्वच्छता रैंकिंग प्रतियोगिता आयोजित कर रहा है, ताकि सोसाइटियों और संस्थानों को ठोस कचरा प्रबंधन नियमों का बेहतर तरीके से पालन करने के लिए प्रेरित किया जा सके। स्वास्थ्य विभाग ने बल्क वेस्ट जनरेट करने वाली सभी रिहायशी सोसाइटियों और गैर रिहायशी संस्थाओं से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन प्रक्रिया 26 दिसंबर 2025 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक प्रतिभागी 31 जनवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
प्रतियोगिता के लिए कई मानक तय किए गए हैं, जिनके आधार पर आवेदनों का मूल्यांकन किया जाएगा। इन मानकों से जुड़ी पूरी जानकारी ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट https://gnida.up.gov.in पर उपलब्ध है। प्राप्त आवेदनों का मूल्यांकन प्राधिकरण की विशेषज्ञ टीम द्वारा किया जाएगा और फरवरी में प्रस्तावित पुष्प प्रदर्शनी के दौरान विजेताओं की घोषणा कर उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने ग्रेटर नोएडा की सभी रिहायशी सोसाइटियों और गैर रिहायशी संस्थाओं से इस स्वच्छता रैंकिंग प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से न केवल शहर की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि लोगों में स्वच्छ और जिम्मेदार जीवनशैली को अपनाने की भावना भी विकसित होगी।
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे





