Infrastructure Development: पूर्वी दिल्ली के घोंडा में मुख्य मार्ग निर्माण का शिलान्यास 17 साल बाद

Infrastructure Development: पूर्वी दिल्ली के घोंडा में मुख्य मार्ग निर्माण का शिलान्यास 17 साल बाद
रिपोर्ट: रवि डालमिया
पूर्वी दिल्ली के घोंडा विधानसभा क्षेत्र में विधायक अजय महावर ने तीसरा पुस्ता, जगजीत नगर में मुख्य सड़क निर्माण और शिव मंदिर के पास नाले पर लोहे की जाली लगाने का शिलान्यास किया। यह मुख्य मार्ग लगभग 17 वर्षों बाद बनाया जा रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में हो रही कठिनाइयों से राहत मिलेगी। सड़क निर्माण कार्य की अनुमानित लागत लगभग 1.84 करोड़ रुपये है, जबकि नाले पर सुरक्षा के लिए लोहे की जाली लगाने का कार्य लगभग 2.50 लाख रुपये में पूरा किया जाएगा।
विधायक अजय महावर ने शिलान्यास के अवसर पर कहा कि सड़क निर्माण से पूर्व इंड्राप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) की गैस पाइपलाइन का कार्य पूरा कराया गया है, जिसकी लागत लगभग 2 करोड़ रुपये थी। उनका कहना था कि यह कदम चुनावी वादे के अनुरूप लिया गया ताकि सड़क बनने के बाद दोबारा सड़क को तोड़कर पाइपलाइन की मरम्मत न करनी पड़े। उन्होंने इसे टिकाऊ विकास और भविष्य की असुविधाओं से बचाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
शिलान्यास कार्यक्रम तीसरा पुस्ता, जगजीत नगर स्थित नाले की पुलिया के पास आयोजित किया गया। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। यह परियोजना क्षेत्रवासियों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित है और इसे पूरा करने से स्थानीय लोगों की दैनिक जीवन की सुविधाओं में सुधार आएगा।





