उत्तर प्रदेशराज्य

Noida Job Fair: आईटीआई रोजगार मेले में 437 युवाओं ने लिया हिस्सा, 257 अभ्यर्थी हुए शॉर्टलिस्ट

Noida Job Fair: आईटीआई रोजगार मेले में 437 युवाओं ने लिया हिस्सा, 257 अभ्यर्थी हुए शॉर्टलिस्ट

विश्व युवा कौशल दिवस (15 जुलाई 2026) के अवसर पर मंगलवार को नोएडा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में जनपद स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले में 12 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया, जहां 437 युवाओं ने रोजगार के लिए आवेदन किया। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 257 अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों ने शॉर्टलिस्ट किया।

रोजगार मेले का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) भाल चंद्र त्रिपाठी ने किया। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कौशल विकास आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और तकनीकी दक्षता युवाओं को बेहतर रोजगार दिलाने में अहम भूमिका निभाती है।

उन्होंने युवाओं से लगातार अपने कौशल को बेहतर बनाने का आह्वान किया और चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रोजगार मेले में नोएडा और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया। विभिन्न कंपनियों ने साक्षात्कार और तकनीकी मूल्यांकन के बाद 257 उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया।

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य अवनीन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य केवल तकनीकी प्रशिक्षण देना ही नहीं, बल्कि प्रशिक्षुओं और युवाओं को बेहतर रोजगार उपलब्ध कराना भी है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है और उद्योगों के साथ समन्वय स्थापित किया जाता है।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, गौतमबुद्ध नगर के जिला कौशल प्रबंधक रवि कुमार प्रजापति, पूनम सिंह सहित संस्थान के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस तरह के रोजगार मेले युवाओं को निजी क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Related Articles

Back to top button