ESIC Health Projects: 668 करोड़ रुपये की लागत से मजबूत होगा ईएसआई का स्वास्थ्य ढांचा, 53 लाख लाभार्थियों को मिलेगा फायदा

ESIC Health Projects: 668 करोड़ रुपये की लागत से मजबूत होगा ईएसआई का स्वास्थ्य ढांचा, 53 लाख लाभार्थियों को मिलेगा फायदा
नई दिल्ली। कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) योजना के तहत देशभर में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया 14 जुलाई को तेलंगाना के सनत नगर स्थित ईएसआईसी अस्पताल से देश की सात नई स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। लगभग 668 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इन परियोजनाओं का लाभ करीब 53 लाख ईएसआई लाभार्थियों को मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान सनत नगर स्थित ईएसआईसी अस्पताल में नए ओपीडी ब्लॉक का उद्घाटन प्रत्यक्ष रूप से किया जाएगा। वहीं असम के बेलटोला, तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर, आंध्र प्रदेश के राजमहेंद्रवरम तथा गुजरात और राजस्थान में स्थापित तीन नई ईएसआई डिस्पेंसरी और शाखा कार्यालयों का उद्घाटन वर्चुअल माध्यम से होगा।
इन स्वास्थ्य परियोजनाओं के माध्यम से मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। नए अस्पतालों और केंद्रों में ओपीडी, आपातकालीन सेवाएं, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, एक्स-रे, पैथोलॉजी लैब और दवा वितरण जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिससे ईएसआई लाभार्थियों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे भी उपस्थित रहेंगी। इस अवसर पर निर्माण कार्यों में योगदान देने वाले श्रमिकों का सम्मान किया जाएगा तथा पात्र ईएसआई लाभार्थियों को नकद लाभ भी वितरित किए जाएंगे। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से देश में श्रमिकों और उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण मजबूती मिलेगी।





