Greater Noida News: आवारा कुत्तों के आतंक से घरेलू सहायिकाओं का प्रदर्शन, कहा- पहले सुरक्षा फिर काम
नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की लोट्स विला सोसाइटी में आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों के विरोध में रविवार को घरेलू सहायिकाओं ने काम बंद कर मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया। सहायिकाओं का कहना है कि आए दिन लावारिश कुत्ते उन पर हमला करते हैं, लेकिन कई शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक सोसाइटी परिसर से आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाएगा, तब तक वे किसी भी फ्लैट में काम करने नहीं जाएंगी। उनके विरोध के चलते कई घरों का दैनिक कामकाज भी प्रभावित हुआ।
सोसाइटी निवासी दिनेश ने बताया कि सुबह घरेलू सहायिकाएं मुख्य गेट पर एकत्र हुईं और सुरक्षा की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। महिलाओं का कहना है कि कई सहायिकाओं को कुत्ते काट चुके हैं और अब वे डर के माहौल में काम नहीं कर सकतीं।
निवासियों का भी कहना है कि केवल घरेलू सहायिकाएं ही नहीं, बल्कि बच्चे, बुजुर्ग और अन्य निवासी भी कई बार आवारा कुत्तों के हमले का शिकार हो चुके हैं। लगातार बढ़ती संख्या के कारण लोगों में भय का वातावरण है।
प्रदर्शनकारियों और निवासियों ने संबंधित विभागों तथा सोसाइटी प्रबंधन से तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि सभी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।


