उत्तर प्रदेशराज्य

Homeopathy Treatment: माहवारी के दर्द और अनियमितता में महिलाओं का बढ़ा होम्योपैथी पर भरोसा, नोएडा में बढ़ रहे मरीज

Homeopathy Treatment: माहवारी के दर्द और अनियमितता में महिलाओं का बढ़ा होम्योपैथी पर भरोसा, नोएडा में बढ़ रहे मरीज

नोएडा और ग्रेटर नोएडा की किशोरियां, युवतियां और महिलाएं अब माहवारी से जुड़ी समस्याओं के इलाज के लिए तेजी से होम्योपैथी की ओर रुख कर रही हैं। पेट दर्द, कमजोरी, अनियमित पीरियड्स, चिड़चिड़ापन और अत्यधिक दर्द जैसी समस्याओं से परेशान महिलाएं अब अंग्रेजी दवाओं पर निर्भरता कम कर वैकल्पिक चिकित्सा पद्धति को अपना रही हैं।

विशेषज्ञों के मुताबिक करीब 70 प्रतिशत महिलाएं किसी न किसी माहवारी संबंधी समस्या से जूझ रही हैं। कई मामलों में दर्द इतना अधिक होता है कि मरीजों को इंजेक्शन तक लगवाने पड़ते हैं। ऐसे में होम्योपैथिक उपचार महिलाओं के बीच लोकप्रिय होता जा रहा है।

गौतमबुद्ध नगर में इस समय करीब 12 होम्योपैथिक क्लीनिक संचालित हैं, जहां माहवारी संबंधी समस्याओं से पीड़ित महिलाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। डॉ. प्रीति सिंघल ने बताया कि मरीजों की स्थिति के अनुसार पल्सेटिला, मैग फॉस, विबर्नम और इंद्रायन जैसी दवाइयां दी जाती हैं। उनका कहना है कि नियमित इलाज और सही जीवनशैली अपनाने से कई मरीजों को काफी राहत मिली है।

जिला अस्पताल नोएडा में तैनात सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. तनु त्यागी ने बताया कि अस्पताल में रोजाना करीब 100 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, जिनमें महिलाओं और किशोरियों की संख्या सबसे ज्यादा रहती है। उन्होंने कहा कि कई महिलाएं पहले एलोपैथिक दवाइयां ले चुकी होती हैं, लेकिन राहत न मिलने पर होम्योपैथी की तरफ आती हैं।

बरौला इलाके की एक किशोरी, जो दो साल से पीरियड्स के दौरान तेज पेट दर्द से परेशान थी, उसने तीन महीने पहले जिला अस्पताल के होम्योपैथिक विभाग में इलाज शुरू कराया। अब उसे पहले की तुलना में काफी राहत मिली है।

वहीं सेक्टर-110 की रहने वाली सिमरन ने बताया कि वह लंबे समय से अनियमित माहवारी और कमजोरी से जूझ रही थीं। दर्द की वजह से कई बार काम पर भी नहीं जा पाती थीं। होम्योपैथिक इलाज और खानपान में बदलाव के बाद अब उनकी स्थिति में सुधार हुआ है।

डॉ. प्रीति सिंघल ने महिलाओं को सलाह दी कि पीरियड्स से जुड़ी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सही खानपान, पर्याप्त पानी, नियमित दिनचर्या और समय पर इलाज बेहद जरूरी है। होम्योपैथी में मरीज की शारीरिक और मानसिक स्थिति को ध्यान में रखकर इलाज किया जाता है।

Related Articles

Back to top button