Yamuna Expressway: नोएडा एयरपोर्ट शुरू होने से पहले यमुना एक्सप्रेसवे पर टोल बढ़ाने की तैयारी, यात्रियों की बढ़ेगी चिंता

Yamuna Expressway: नोएडा एयरपोर्ट शुरू होने से पहले यमुना एक्सप्रेसवे पर टोल बढ़ाने की तैयारी, यात्रियों की बढ़ेगी चिंता
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने की तैयारियों के बीच अब यमुना एक्सप्रेसवे पर सफर करना महंगा हो सकता है। एक्सप्रेसवे का संचालन कर रही कंपनी सुरक्षा रियलिटी ने टोल दरों में बढ़ोतरी का प्रस्ताव यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) को भेजा है। हालांकि अभी इस प्रस्ताव पर अंतिम फैसला नहीं लिया गया है, लेकिन टोल दरों में करीब साढ़े तीन प्रतिशत तक वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है।
यीडा अधिकारियों के अनुसार पिछली बार अक्टूबर 2024 में टोल दरों में 3.78 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई थी। अब कंपनी ने होलसेल प्राइस इंडेक्स (WPI) के आधार पर नई दरें लागू करने का प्रस्ताव रखा है। कंपनी का कहना है कि कंसेशन एग्रीमेंट के तहत हर साल टोल दरों में संशोधन का प्रावधान मौजूद है।
प्रस्ताव के मुताबिक कार, बस और ट्रक समेत सभी प्रकार के वाहनों के टोल शुल्क में बढ़ोतरी हो सकती है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो ग्रेटर नोएडा से आगरा तक यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों को ज्यादा टोल देना पड़ेगा।
अधिकारियों का मानना है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू होने के बाद एक्सप्रेसवे पर वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ेगी। इसी को देखते हुए कंपनी पहले से नई टोल दरें लागू करने की तैयारी कर रही है।
हालांकि यीडा अधिकारियों का कहना है कि प्रस्ताव का परीक्षण किया जा रहा है और सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इस मुद्दे को लेकर कंपनी और यीडा अधिकारियों के बीच बैठक भी हो चुकी है।
संभावित टोल वृद्धि को लेकर नियमित यात्रियों और व्यावसायिक वाहन चालकों की चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि पहले ही ईंधन और यात्रा खर्च बढ़ चुके हैं, ऐसे में टोल बढ़ने से सफर और महंगा हो जाएगा।





