उत्तर प्रदेशराज्य

Noida International Airport: नोएडा एयरपोर्ट की सुरक्षा होगी और मजबूत, डोमेस्टिक टर्मिनल थाने में बढ़ेंगे 35 पुलिसकर्मी

Noida International Airport: नोएडा एयरपोर्ट की सुरक्षा होगी और मजबूत, डोमेस्टिक टर्मिनल थाने में बढ़ेंगे 35 पुलिसकर्मी

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से घरेलू उड़ानों की शुरुआत से पहले सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। एयरपोर्ट पर यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए पुलिस विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। एयरपोर्ट परिसर में संचालित डोमेस्टिक टर्मिनल थाने में जल्द ही 35 नए पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून से घरेलू उड़ानें शुरू होने जा रही हैं। टिकटों की बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। एयरपोर्ट शुरू होने के बाद दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और आसपास के कई राज्यों से बड़ी संख्या में यात्री यहां पहुंचेंगे। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बना रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार एयरपोर्ट परिसर के अंदर संचालित थाना जेवर एयरपोर्ट डोमेस्टिक टर्मिनल में वर्तमान में 46 पुलिसकर्मी तैनात हैं। अब इसमें करीब 35 और पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। नए स्टाफ की नियुक्ति उड़ानें शुरू होने से पहले ही कर दी जाएगी ताकि यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर माहौल मिल सके।

बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट की निगरानी के लिए डोमेस्टिक टर्मिनल थाने के तहत तीन पुलिस चौकियां भी संचालित की जा रही हैं। यहां तैनात होने वाले पुलिसकर्मियों को पहले ही विशेष प्रशिक्षण दिया जा चुका है ताकि एयरपोर्ट सुरक्षा, यात्री प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

पुलिस विभाग का कहना है कि बढ़ती यात्री संख्या के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखना और यात्रियों को सुरक्षित वातावरण देना प्राथमिकता होगी। नए स्टाफ की तैनाती के बाद एयरपोर्ट परिसर में रोटेशन के आधार पर चौबीसों घंटे सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जाएगी।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से क्षेत्र में विकास और कनेक्टिविटी को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। ऐसे में प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहतीं।

Related Articles

Back to top button