Noida Crime: जानलेवा हमले के मामले में दंपति समेत पांच पर मुकदमा दर्ज, कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने की कार्रवाई
नोएडा। सलारपुर गांव में सब्जी उगाने वाले एक माली पर हुए जानलेवा हमले के मामले में कोर्ट के आदेश पर दंपति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर उसकी अंगुली काट दी थी और बाद में दोबारा जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की गई। मामले में पुलिस ने नामजद आरोपियों के साथ तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
न्यायालय में दिए गए प्रार्थनापत्र के अनुसार, सलारपुर गांव निवासी मोरपाल सब्जी उगाने का काम करते हैं और खेतों के पास ही झोपड़ी डालकर अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके पड़ोस में संभल जिले का रहने वाला तोताराम अपनी पत्नी मुन्नी देवी के साथ झोपड़ी डालकर रहता है। मोरपाल का कहना है कि पड़ोसी दंपति आए दिन उससे झगड़ा करते रहते थे और उसे धमकाते रहते थे।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि इसी साल छह अप्रैल को तोताराम ने उस पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने चाकू से वार कर मोरपाल की अंगुली काट दी। जब मोरपाल और उसके परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया तो तोताराम और उसकी पत्नी मुन्नी देवी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद भी विवाद खत्म नहीं हुआ।
मोरपाल का कहना है कि 28 अगस्त को तोताराम और मुन्नी देवी ने अपने तीन अन्य जान-पहचान के लोगों को मौके पर बुलाया और एक बार फिर उस पर जानलेवा हमला किया। इस दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली।
कोर्ट के आदेश पर अब पुलिस ने तोताराम, उसकी पत्नी मुन्नी देवी और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नामजद आरोपियों से पूछताछ की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

