UPSI Exam: नोएडा में 18 केंद्रों पर उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा, कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजन

UPSI Exam: नोएडा में 18 केंद्रों पर उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा, कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजन
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा उप निरीक्षक नागरिक पुलिस (UPSI) और समकक्ष पदों पर भर्ती के लिए नोएडा में शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा आयोजित की जा रही है। जनपद में कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंच रहे हैं। प्रशासन की ओर से परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। दोनों पालियों में मिलाकर करीब 22 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा शुरू होने से पहले ही केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखी गईं।
परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। इसके लिए एक इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जहां से पूरे परीक्षा प्रक्रिया की मॉनिटरिंग की जा रही है। अधिकारी लगातार केंद्रों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल की संभावना को तुरंत रोका जा सके।
परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रत्येक केंद्र पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। परीक्षार्थियों को केवल एडमिट कार्ड और आवश्यक दस्तावेज के साथ ही केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा है।
प्रशासन द्वारा कई वस्तुओं को परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। इनमें किसी भी प्रकार की पाठ्य सामग्री, कागज के टुकड़े, ज्यामितीय बॉक्स, पेंसिल बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, कैलकुलेटर, क्रेडिट या डेबिट कार्ड, स्केल, कॉपी, पेन ड्राइव, इरेजर, लॉग टेबल, इलेक्ट्रॉनिक पेन या स्कैनर शामिल हैं। इसके अलावा मोबाइल फोन, कैमरा, किसी भी प्रकार की घड़ी, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इयरफोन, पेजर, हेल्थ बैंड, बटुआ, काला चश्मा, हैंड बैग, टोपी और खाने-पीने का सामान लाने पर भी सख्त प्रतिबंध लगाया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की गई है। यदि कोई भी परीक्षार्थी नियमों का उल्लंघन करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




