Noida Fraud Case: फर्जी दस्तावेजों से वेलफेयर एसोसिएशन का पंजीकरण कराने का आरोप, नौ लोगों पर एफआईआर दर्ज
नोएडा। नोएडा में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एंथूरियम ऑफिस अलॉटी वेलफेयर एसोसिएशन का पंजीकरण कराने के आरोप में पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। मामला सेक्टर-113 थाना क्षेत्र का है, जहां शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता रजनीश कुमार, जो सेक्टर-73 स्थित एम/एस एयरकॉन सिस्टम्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि हैं, ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर एसोसिएशन का पंजीकरण कराया और कंपनी को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ स्वयं अनुचित लाभ लेने का प्रयास किया। उनका कहना है कि एसोसिएशन के गठन से संबंधित दस्तावेजों में कई लोगों के नाम और हस्ताक्षर उनकी जानकारी या सहमति के बिना शामिल किए गए। इसके अलावा कुछ दस्तावेजों में कथित रूप से फर्जी शपथ पत्र और गलत तथ्यों का भी उपयोग किया गया।
शिकायत के आधार पर सेक्टर-113 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामले में कल्पना सचान, शशांक कुमार, नीरजा सिंगल, पारुल जैन, दिव्या गौतम, साहिल राणा, नीरज कुमार सिंगल, रविंद्र कुमार बनवारिया और मोहम्मद महमूद हुसैन को नामजद किया गया है।
कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले में उपलब्ध दस्तावेजों, अभिलेखों और अन्य साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


