Noida Transport Action: नियम तोड़ने पर 18 महीनों में 2 हजार से ज्यादा वाहन जब्त

Noida Transport Action: नियम तोड़ने पर 18 महीनों में 2 हजार से ज्यादा वाहन जब्त

नोएडा जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बीते 18 महीनों में प्रवर्तन अभियान के तहत दो हजार से अधिक वाहनों को जब्त किया गया है। यह जानकारी शनिवार को परिवहन विभाग की ओर से साझा की गई। कार्रवाई के दायरे में बसें, मिनी बसें, टैक्सी और अन्य व्यावसायिक व निजी वाहन शामिल रहे, जो बिना फिटनेस, बिना परमिट या बिना रोड टैक्स के सड़कों पर दौड़ते पाए गए।

परिवहन विभाग के अनुसार एक अप्रैल 2025 से 31 दिसंबर 2025 के बीच कुल 1076 वाहन जब्त किए गए। इनमें 331 बसें और 745 अन्य प्रकार के वाहन शामिल थे। वहीं इससे पहले एक अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2025 की अवधि में 1181 वाहनों को सीज किया गया था, जिनमें 419 बसें और 762 अन्य वाहन थे। विभाग ने स्पष्ट किया कि यह अभियान सड़क सुरक्षा और नियमों के सख्त अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया गया।

एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडे ने बताया कि जब्त किए गए सभी वाहनों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया गया। वाहन मालिकों से जुर्माना जमा कराने के साथ-साथ जरूरी कमियां दूर कराने के बाद ही गाड़ियों को छोड़ा गया। इसके लिए वाहन मालिकों से यह शपथ पत्र भी लिया गया कि भविष्य में सभी दस्तावेज पूरे रखकर ही वाहन सड़कों पर उतारे जाएंगे। जिन वाहन मालिकों ने जुर्माना नहीं चुकाया, उनकी गाड़ियां सेक्टर-62 स्थित डी पार्क और विभिन्न थानों में सीज कर खड़ी कराई गई हैं।

परिवहन विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि बिना फिटनेस और परमिट के चलने वाले वाहनों को दुर्घटना की स्थिति में बीमा का लाभ नहीं मिलता। ऐसे वाहन तकनीकी रूप से असुरक्षित होते हैं, जिनमें ब्रेक फेल होना, टायर फटना या स्टीयरिंग खराब होने जैसी समस्याएं आम होती हैं। इससे न केवल सड़क हादसों का खतरा बढ़ता है बल्कि बीच सड़क पर वाहन खराब होने से जाम और अव्यवस्था भी उत्पन्न होती है। इसके अलावा पुराने और बिना फिटनेस वाले वाहन अधिक धुआं छोड़ते हैं, जिससे वायु प्रदूषण भी बढ़ता है।

परिवहन विभाग ने यह भी बताया कि एक जनवरी से व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस जांच की जिम्मेदारी निजी वाहन परीक्षण स्टेशनों को सौंप दी गई है। अब वाहन मालिक परिवहन विभाग की वेबसाइट parivahan.gov.in पर जाकर ऑनलाइन टाइम स्लॉट बुक कर फिटनेस जांच करा सकते हैं। एआरटीओ प्रशासन नंदकुमार के अनुसार, कुछ विशेष श्रेणी के वाहनों की फिटनेस जांच अभी भी परिवहन विभाग द्वारा की जाएगी, जबकि शेष वाहनों की जांच निजी परीक्षण केंद्रों पर होगी। जिले में जारचा बाईपास और वेदपुरा में दो निजी वाहन परीक्षण स्टेशन संचालित किए गए हैं।

परिवहन विभाग ने वाहन चालकों और मालिकों से अपील की है कि वे सभी वैध दस्तावेज पूरे रखने के साथ नियमों का पालन करें, अन्यथा आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img