Noida Mall Fight: गार्डन गैलरिया मॉल के पब में डांस को लेकर दो गुटों में जमकर मारपीट, सात हिरासत में

Noida Mall Fight: गार्डन गैलरिया मॉल के पब में डांस को लेकर दो गुटों में जमकर मारपीट, सात हिरासत में

नोएडा के सेक्टर-39 थाना क्षेत्र स्थित गार्डन गैलरिया मॉल में शुक्रवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पब के बाहर डांस को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया, जिसमें दोनों पक्षों के युवक एक-दूसरे पर लात-घूंसे और थप्पड़ बरसाते नजर आए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, मॉल में स्थित एक पब के अंदर डांस करने के दौरान किसी बात को लेकर दो समूहों में बहस शुरू हुई थी। पब के भीतर मौजूद स्टाफ और अन्य लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन बाहर निकलते ही दोनों पक्षों के बीच विवाद और बढ़ गया। पब के बाहर खुले इलाके में दोनों गुट आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट शुरू हो गई। कुछ देर तक मॉल परिसर में हंगामे का माहौल बना रहा, जिससे वहां मौजूद अन्य ग्राहक और परिवार दहशत में आ गए।

इस दौरान किसी व्यक्ति ने मारपीट का वीडियो मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि युवक एक-दूसरे को धक्का दे रहे हैं, मुक्के मार रहे हैं और जमीन पर गिराकर पीट रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया और संबंधित थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।

सूचना मिलते ही सेक्टर-39 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल सात लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों में सेक्टर-53 नोएडा निवासी धीरज सिंह, सेक्टर-30 गुरुग्राम निवासी हीरेन, राज नगर एक्सटेंशन गाजियाबाद निवासी मोहित शर्मा, नई दिल्ली निवासी साहिब सिंह, सेक्टर-15 नोएडा निवासी प्रदीप, जबकि दूसरे पक्ष से सेक्टर-27 निवासी आजाद और सेक्टर-15 निवासी शरस शामिल हैं। सभी से पूछताछ की जा रही है।

एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो और मौके पर मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ शांति भंग करने समेत अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि विवाद किस बात पर शुरू हुआ और क्या इसमें किसी तरह की लापरवाही पब प्रबंधन की ओर से हुई है।

गौरतलब है कि गार्डन गैलरिया मॉल में इससे पहले भी मारपीट और हंगामे की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन घटनाओं के बाद पुलिस और प्रशासन द्वारा सख्ती के दावे किए जाते रहे हैं, लेकिन बार-बार ऐसी घटनाओं का सामने आना मॉल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस ने कहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मॉल और पब संचालकों के साथ बैठक कर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।

Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img