Greater Noida West Theft: गमी में गए परिवार के घर चोरी, ताला तोड़कर गहने और नकदी ले उड़े बदमाश

Greater Noida West Theft: गमी में गए परिवार के घर चोरी, ताला तोड़कर गहने और नकदी ले उड़े बदमाश
नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के यूसुफपुर चक शाहबेरी इलाके में उस समय चोरी की वारदात सामने आई, जब एक परिवार गमी में शामिल होने के लिए गांव गया हुआ था। बदमाशों ने मौके का फायदा उठाते हुए बंद पड़े घर को निशाना बनाया और ताला तोड़कर घर में रखे गहने व नकदी चोरी कर ली। घटना की जानकारी पड़ोसियों के जरिए पीड़ित परिवार को मिली, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
पुलिस के अनुसार यूसुफपुर चक शाहबेरी निवासी धीरज परमार अपने परिवार के साथ रहते हैं। 22 जनवरी को उनके चाचा के निधन की सूचना मिली, जिसके बाद वह घर में ताला लगाकर पूरे परिवार के साथ गांव चले गए थे। अगले दिन 23 जनवरी को पड़ोसी करण सिंह ने फोन कर उन्हें बताया कि उनके घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ है। सूचना मिलते ही धीरज परमार परिवार के साथ वापस घर पहुंचे, जहां अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए।
घर के भीतर अलमारी खुली पड़ी थी और उसमें रखे सोने-चांदी के गहने व नकदी गायब थे। पीड़ित ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। बिसरख थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन गमी में गए परिवार के घर इस तरह चोरी होना चिंता का विषय है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।





