Noida Crime: जिला बदर होने के बावजूद नोएडा में घूम रहा था बदमाश, तमंचे के साथ गिरफ्तार

Noida Crime: जिला बदर होने के बावजूद नोएडा में घूम रहा था बदमाश, तमंचे के साथ गिरफ्तार

नोएडा। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने जिला बदर किए गए एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। आरोपी जिला प्रशासन के आदेशों की खुलेआम अवहेलना करते हुए जनपद की सीमा में रह रहा था और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था। पुलिस ने बुधवार को महर्षि आश्रम गोशाला कट के पास से उसे धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिसरख थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी अन्नू उर्फ अभिषेक कसाना के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से वांछित चल रहा था और उसके खिलाफ पहले से ही कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। जांच में सामने आया है कि अन्नू उर्फ अभिषेक के खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में आठ मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, धमकी, अवैध हथियार रखने और गुंडागर्दी जैसी धाराएं शामिल हैं। आरोपी पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई भी पहले से की जा चुकी है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जिला बदर होने के बावजूद आरोपी सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में मौजूद है और इधर-उधर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में चेकिंग अभियान चलाया और महर्षि आश्रम गोशाला कट के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा भी बरामद हुआ है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिला बदर होने के बाद भी आरोपी का नोएडा में रहना कानून व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा था। समय रहते गिरफ्तारी से किसी बड़ी घटना को टाला जा सका है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और उसके संपर्कों की भी जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img