उत्तर प्रदेश : सर्वोकॉन कंपनी चोरी कांड का खुलासा, हिस्ट्रीशीटर समेत पांच आरोपी गिरफ्तार

Hapur News : जनपद हापुड़ के थाना धौलाना पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र स्थित सर्वोकॉन कंपनी में सात दिन पहले हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर समेत पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया 618 किलोग्राम तांबा, नकदी, घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली, चोरी के उपकरण और अवैध असलाह बरामद किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान और उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए मुस्ताक उर्फ मुस्ते, शमशाद और अनुज निवासी गांव शादीपुर जिला गौतमबुद्धनगर तथा आसिफ और उस्मान उर्फ भूरे निवासी गांव कलछीना जिला गाजियाबाद को पूठ्ठी मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने निर्माणाधीन सर्वोकॉन कंपनी की प्लास्टिक शेड उखाड़कर वहां से करीब 650 किलोग्राम तांबे के बंडल ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर चोरी की थी।

पांच जनवरी को जब कंपनी कर्मचारी जगमोहन तोमर कंपनी पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाना धौलाना में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में मुस्ताक उर्फ मुस्ते इस घटना का मास्टरमाइंड है जबकि आसिफ एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। मुस्ताक ने चोरी किए गए तांबे के बंडलों को अपने घर पर छिपाकर रखा था।

एएसपी ने आगे बताया कि आरोपियों ने इससे पहले गांव कंदौला के जंगल में स्थित तीन ट्यूबवेलों से मोटर चोरी की घटनाओं को भी अंजाम दिया था और चोरी की गई मोटरों को बेच दिया था। मोटर बेचकर प्राप्त रकम में से 7500 रुपये बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार सभी पांचों आरोपियों के खिलाफ थाना धौलाना में करीब 17 मुकदमे दर्ज हैं।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img